
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर का नंबर तलाश कर एक महिला पटवारी साइबर ठगी का शिकार हो गईं। ठगों ने लिंक भेजकर उनके बैंक खाते से तीन लाख 9 हजार रुपये उड़ा दिए। ई-जीरो एफआईआर के तहत कमलानगर थाने में केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ममता जमगड़े (33) शबरी नगर की निवासी हैं और वर्तमान में उज्जैन जिला में पटवारी पद पर पदस्थ हैं। इन दिनों वह अवकाश पर भोपाल आई हुई थीं।
20 फरवरी को उन्होंने उज्जैन जाने के लिए ऑनलाइन बस टिकट बुक किया था। किसी कारणवश टिकट रद्द कराने के लिए उन्होंने इंटरनेट पर उपलब्ध कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी प्रतिनिधि बताते हुए व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और उसी के माध्यम से टिकट कैंसिल करने को कहा। जैसे ही ममता ने लिंक पर क्लिक किया, उनके खाते से तीन लाख 9 हजार रुपये निकल गए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्होंने बैलेंस चेक किया तो रकम कट चुकी थी। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने कमला नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी निरुपा पांडे ने बताया कि अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी गई है।
मकान बनाने के लिए गोल्ड लोन लेने के तुरंत बाद एक महिला के खाते से एक लाख 54 हजार रुपये उड़ा दिए। स्टेशन बजरिया क्षेत्र निवासी 34 वर्षीय चांदनी इंदौरिया प्राइवेट नर्स का काम करती हैं। दो दिन पहले अरेरा कालोनी स्थित मुथुट फाइनेंस गोल्ड लोन शाखा में गई थी। दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एचडीएफसी बैंक खाते में 1,80,778 रुपए आईएमपीएस के माध्यम से जमा हुए।
रकम आने के कुछ ही देर बाद, मोबाइल पर खाते से लगातार डेबिट के मैसेज आने लगे। बैलेंस चेक करने मालूम हुआ कि खाते से 33 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 1,54,818 रुपए अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। थाना प्रभारी शिल्पा कौरव का कहना है कि ट्रांजेक्शन की पूरी जांच करेंगे।
यह भी पढ़ें- इंदौर के भागीरथपुरा में अब दाल-बाफले, लड्डू खाने के बाद 37 लोग बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका
वहीं जहांगीराबाद क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती ऑनलाइन मैट्रिमोनियल ठगी का शिकार हो गई। आरोपित ने सलमान मलिक नाम से मैट्रिमोनियल प्लेटफार्म पर संपर्क कर खुद को बीएसएफ का जवान बताया और विश्वास में लेकर लाखों की ठगी कर फरार हो गया। पीड़िता अल्फिया अकरम से आरोपित ने बातचीत के दौरान दावा किया कि उसकी पोस्टिंग सियाचिन में है और किसी प्रशासनिक कारण से वह निलंबित चल रहा है।
उसने इमरजेंसी जरूरत बताते हुए आर्थिक मदद मांगी। झांसे में आकर युवती ने उसके खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरोपित ने रुपये लौटाने का भरोसा देकर युवती को दिल्ली बुलाया। वहां मिलने के दौरान उसने न केवल रकम वापस नहीं की, बल्कि बहाने से उसकी चार ग्राम सोने की चेन भी ले ली। कुछ ही समय बाद आरोपित ने मोबाइल बंद कर लिया और संपर्क तोड़ दिया। ठगी का एहसास होने पर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।