
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में रेलवे नेटवर्क और ट्रेनों की संख्या बढ़ने के साथ यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी बढ़ रही है, लेकिन जीआरपी थानों में अधिकारियों के पदों की कमी बनी हुई है। प्रदेश के सात जीआरपी थानों में निरीक्षक (टीआई) का पद स्वीकृत नहीं है। यहां उप निरीक्षक (एसआई) ही थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। बढ़ते अपराध और कार्यक्षेत्र को देखते हुए रेलवे पुलिस मुख्यालय ने इन सात थानों में एसआई के पदों को निरीक्षक के पद पर अपग्रेड करने का प्रस्ताव भेजा है।
प्रस्ताव में बताया गया है कि नई रेल लाइन, दोहरीकरण, तिहरीकरण और स्टेशनों के विस्तार से जीआरपी का काम लगातार बढ़ रहा है। नई ट्रेनों के संचालन के साथ यात्रियों की संख्या बढ़ी है। वहीं, ट्रेनों में चोरी, लूटपाट और अन्य अपराधों की जांच, भीड़ नियंत्रण तथा अंतरराज्यीय अपराधियों पर कार्रवाई की जिम्मेदारी भी बढ़ी है।
रानी कमलापति, गुना, छिंदवाड़ा, गाडरवारा, रीवा, सागर और शहडोल जीआरपी थानों में निरीक्षक का पद स्वीकृत नहीं है। यहां वर्तमान में एसआई ही थाना प्रभारी के रूप में काम कर रहे हैं।
सातों थानों में निरीक्षक के पद स्वीकृत होने से अनुभवी अधिकारी के नेतृत्व में अपराधों की जांच और पुलिस बल का प्रबंधन बेहतर हो सकेगा। इसके साथ ही थानों में पर्याप्त पुलिस बल, विवेचना अधिकारियों और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता भी बेहद जरूरी बताई गई है।
ट्रेनों की संख्या और यात्रियों की भीड़ बढ़ने से चोरी व लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाना चुनौती बन रहा है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सात जीआरपी थानों में निरीक्षक के पद अपग्रेड करना जरूरी है। साथ ही स्वीकृत पदों को भरने के साथ पर्याप्त पुलिस बल और तकनीकी संसाधन भी उपलब्ध कराने होंगे। - राजा बाबू सिंह, स्पेशल डीजी (रेल)