
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पूरा प्रदेश इस समय गर्म हवाओं की चपेट में है। शुक्रवार को विशेष रूप से प्रदेश के पूर्वी इलाके भट्टी की तरह तपे।
छतरपुर जिले में सबसे खतरनाक स्थिति रही, जहां तीव्र लू चली। यहां के नौगांव में तापमान 46.8 डिग्री और खजुराहो में 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
मौसम विभाग का क्या कहना
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी हिस्से के दमोह, जबलपुर और सागर में पारा 44 डिग्री से ऊपर रहा, जबकि सतना और टीकमगढ़ में तापमान 44.5 डिग्री दर्ज किया गया। छिंदवाड़ा में तो रातें भी बेहद गर्म रहीं, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 4.9 डिग्री अधिक 29.0 डिग्री रहा। वहीं पश्चिमी इलाकों में दतिया 44.4 डिग्री और ग्वालियर की रात 30.2 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रही।
हवा का एक चक्रवात बना हुआ
मौसम विज्ञानी ने बताया कि इस समय हरियाणा के ऊपर हवा का एक चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से राजस्थान की तरफ से गर्म हवाएं प्रदेश में आ रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा, यानी गर्मी से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलने वाली है।
तीन तरह के अलर्ट जारी
रेड अलर्ट (तीव्र लू): पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़।
ऑरेंज अलर्ट (लू की चेतावनी): शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, सतना, दमोह, सागर, निवाड़ी, विदिशा, राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, रीवा, मऊगंज, उमरिया, कटनी और मैहर।
येलो अलर्ट: भोपाल, रायसेन, सीहोर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर और मंडला।
चार बड़े शहरों के तापमान की
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान ) |
| भोपाल | 42.2 | 27.2 |
| इंदौर | 41.4 | 27.0 |
| ग्वालियर | 43.7 | 30.2 |
| जबलपुर | 44.0 | 26.0 |
नोट: सभी तापमान डिग्री सेल्सियस (°C) में दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में बिना OTP शेयर किए 75 वर्षीय बुजुर्ग की FD से उड़े 7.94 लाख रुपये, बैंक वाले भी हैरान; पुलिस जांच में जुटी