भोपाल: शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर कर्नल से 16 लाख की साइबर ठगी
शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने एक कर्नल से 16 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। मामला द्रोणाचल टाप, नेवरी हिल्स क्षेत्र का है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 25 Apr 2026 10:12:56 PM (IST)Updated Date: Sat, 25 Apr 2026 10:12:55 PM (IST)
कर्नल से 16 लाख की साइबर ठगी। (AI से जेनरेट किया गया इमेज)HighLights
- कर्नल से 16 लाख की साइबर ठगी
- शेयर बाजार में निवेश का झांसा दिया
- 74.79 लाख रुपये की बड़ी ठगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने एक कर्नल से 16 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। मामला द्रोणाचल टाप, नेवरी हिल्स क्षेत्र का है। शिकायत के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कर्नल अजय राघव (45) को 15 जुलाई 2024 को एक अनजान नंबर से वाट्सएप मैसेज मिला।
कर्नल से ठगी का तरीका
मैसेज में भेजे गए लिंक के जरिए उन्हें 'अपसर्ज क्लब' नाम के ग्रुप में जोड़ लिया गया। ग्रुप में खुद को प्रोफेसर जयप्रकाश गुप्ता और उनकी असिस्टेंट प्रणिता जोशी बताने वाले लोग शेयर मार्केट में निवेश के टिप्स देने लगे। आरोपितों ने एक विशेष मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाकर उसी के माध्यम से शेयर खरीदने के लिए कहा। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए उन्हें मुनाफा दिखाया गया और 98 हजार रुपये निकलवाने भी दिए गए। इससे उनका विश्वास बढ़ गया और उन्होंने कुल 16.45 लाख रुपये निवेश कर दिए।
बाद में जब कर्नल ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपितों ने 20 प्रतिशत अतिरिक्त राशि जमा करने की मांग की। शक होने पर उन्होंने अन्य लोगों से संपर्क किया, तब ठगी का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि गिरोह ने कई बैंक खातों के जरिए रकम जमा करवाई। पुलिस अब मोबाइल नंबर, वाट्सएप ग्रुप और बैंक खातों की जांच कर रही है।
कारोबारी से 74.79 लाख रुपये की बड़ी ठगी
आनलाइन ट्रेडिंग और आईपीओ में कई गुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक कारोबारी से 74.79 लाख रुपये ठग लिए। कारोबारी को इंटरनेट मीडिया पर भारी मुनाफे के लालच वाला एक विज्ञापन दिखाई दिया था। उससे संपर्क करने के बाद वह ठगों के संपर्क में आए और अपनी राशि गंवा दी। क्राइम ब्रांच पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अयोध्या बायपास स्थित सागर लैंडमार्क निवासी योगेश चौहान (42) ने पुलिस को बताया कि सितंबर 2025 में उन्होंने फेसबुक पर ट्रेडिंग से जुड़ा एक विज्ञापन देखा।
मुनाफे का लालच और ठगी का जाल
विज्ञापन पर क्लिक करते ही उन्हें '5 पैसा स्ट्रेटजी हब' नाम के वाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। ग्रुप में मौजूद लोगों ने खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताकर निवेश पर बड़ा मुनाफा देने का दावा किया। इसके बाद एक आनलाइन ट्रेडिंग पोर्टल पर उनका रजिस्ट्रेशन कराया गया। शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश कराए गए और कुछ समय बाद उतनी ही राशि वापस भी दिलाई गई, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपितों ने अलग-अलग स्कीम, आईपीओ और हाई रिटर्न प्लान का लालच देकर लगातार बड़ी रकम जमा करवाई।
योगेश ने दोस्तों और रिश्तेदारों से उधार लेकर कुल 74.79 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने पैसा निकालने की कोशिश की, तो अतिरिक्त रकम जमा करने का दबाव बनाया गया। मना करने पर आरोपितों ने संपर्क बंद कर दिया और वाट्सएप पर ब्लाक कर दिया। पुलिस ने जांच के दौरान 5.21 लाख रुपये वापस दिलाए हैं।