
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में इंदौर, शिवपुरी व ग्वालियर जिले फर्जी सिम के कारोबार के सबसे बड़े केंद्र बनकर उभरे हैं। इसके बाद भोपाल और दतिया हैं। राज्य साइबर पुलिस के 'ऑपरेशन फास्ट-2.0' में शिवपुरी सबसे बड़ा हॉटस्पॉट मिला है, जहां 60 संदिग्ध सिम विक्रयकर्ता (पीओएस) चिह्नित किए गए हैं। दूसरे नंबर पर इंदौर है, जहां 54 पीओएस सामने आए हैं। ग्वालियर तीसरे स्थान पर है, जहां 50 पीओएस मिले हैं।
दरअसल, शिवपुरी और ग्वालियर से उत्तर प्रदेश और राजस्थान में फर्जी सिम पहुंचाना आसान होने के कारण पुलिस को इन जिलों में संगठित नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका है। अभियान के दौरान प्रदेशभर में 504 संदिग्ध पीओएस (पॉइंट ऑफ सेल) चिह्नित किए गए और उनसे जुड़ी 1,437 फर्जी नाम-पतों पर जारी सिम का पता चला। इन सिम से जुड़े नंबरों पर 1,907 साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज हैं। मामले में 100 प्रकरण दर्ज कर 80 आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं।
बता दें कि इसके पहले 'ऑपरेशन फास्ट-1' में सीधी से सबसे अधिक फर्जी सिम जारी किए गए थे। इनकी संख्या एक हजार से अधिक थी। साइबर मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि अभी जो गिरफ्तारियां की गई हैं, उनमें सभी मध्य प्रदेश के हैं। इनसे पूछताछ के बाद दूसरे राज्यों के आरोपितों की पहचान होने के आसार हैं।
सिम पोर्ट करने, एक महीने मुफ्त इंटरनेट या मुफ्त उपहार देने का लालच देकर लोगों के दस्तावेज और पहचान हासिल कर पीओएस संचालकों ने एक पहचान पत्र पर दो या अधिक सिम निकाल लीं। इसके अलावा ऋण सुविधा के नाम पर भी संबंधित व्यक्ति के नाम पर फर्जी सिम जारी कराते थे। ऐसे सिम का उपयोग इंटरनेट मीडिया में फर्जी खाते बनाने में किया जाता था। इन सिम के जरिए डिजिटल अरेस्ट, लोन ऐप धोखाधड़ी और वित्तीय साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
हॉटस्पॉट क्षेत्रों का विश्लेषण कर इन जिलों और इनके आसपास के क्षेत्रों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। ऐसे सभी संदिग्ध व्यक्ति, जिनकी गतिविधियां संदेहास्पद रही हैं या जिन्हें पहले भी साइबर अपराधों में लिप्त पाया गया है, उनकी पहचान कर निगरानी की जा रही है। - विनीत कपूर, डीआईजी (साइबर), ग्वालियर