नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए इस बार ट्रेन का सफर आसान नहीं रहने वाला है। 8 नवंबर को दिवाली और 15 नवंबर को छठ पूजा है। दोनों त्योहारों से पहले ही दिल्ली, बिहार, लखनऊ और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में नवंबर की शुरुआत से सीटों की स्थिति खराब हो गई है।
कई ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी तक वेटिंग, आरएलडब्ल्यूएल (रिमोट लेकेशन वेटिंग लिस्ट) और रिग्रेट (टिकट उपलब्ध नहीं) की स्थिति है।
ऐसे में जिन यात्रियों ने अब तक टिकट नहीं कराया है, उन्हें यात्रा की तारीख और रूट देखकर विकल्प तलाशना होगा। प्रीमियम ट्रेनों और रेलवे की ओर से चलाई जा रही त्योहार स्पेशल ट्रेनों में कुछ सीटें उपलब्ध हैं।
बिहार रूट : दिवाली से छठ तक सबसे ज्यादा दबाव
पटना और बिहार जाने वाली ट्रेनों में 5 नवंबर से ही सीटों की स्थिति खराब है। आरकेएमपी-अगरतला एक्सप्रेस, अहमदाबाद-आसनसोल एक्सप्रेस और दादर-पटना स्पेशल जैसी ट्रेनों में 5 नवंबर से आरएलडब्ल्यूएल 20 से अधिक और कई श्रेणियों में रिग्रेट की स्थिति है।
एमएमसीटी-किर स्पेशल और अन्य स्पेशल ट्रेनों में भी 15 नवंबर तक वेटिंग और रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है। 15 नवंबर को छठ पूजा होने के कारण 10 से 15 नवंबर के बीच बिहार जाने वाली ट्रेनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली रूट : कई ट्रेनों में नवंबर की शुरुआत से ही आरएलडब्ल्यूएल
दिल्ली जाने वाली आरकेएमपी-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट, तमिलनाडु एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस, तिरुक्कुरल एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस में 1 नवंबर से कई श्रेणियों में आरएसी व आरएलडब्ल्यूएल की स्थिति बनी हुई है।
दिवाली के बाद 12 नवंबर को भी स्थिति बहुत बेहतर नहीं है।
आरकेएमपी-निजामुद्दीन एक्सप्रेस में स्लीपर में कुछ सीटें उपलब्ध हैं, जबकि 3एसी में आरएसी और अन्य श्रेणियों में वेटिंग है। कर्नाटक एक्सप्रेस में 12 नवंबर को सभी श्रेणियों में रिग्रेट है।
लखनऊ-गोरखपुर रूट : 5 से 15 नवंबर तक सीटों का संकट
लखनऊ और गोरखपुर की ओर जाने वाली राप्तीसागर सुपरफास्ट, पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस, एलटीटी-सीतापुर एक्सप्रेस, एचडीपी-गोरखपुर स्पेशल, दादर-कामाख्या एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, सीएसएमटी-गोरखपुर स्पेशल, एलटीटी-गोरखपुर सुपरफास्ट और पुष्पक एक्सप्रेस में 5 से 15 नवंबर के बीच आरएलडब्ल्यूएल और रिग्रेट की स्थिति है। इस रूट पर दिवाली के साथ छठ के कारण लगातार यात्री दबाव रहने की संभावना है।
मुंबई रूट : कुछ ट्रेनों में अभी विकल्प
मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए स्थिति दूसरे रूट की तुलना में थोड़ी बेहतर है। पंजाब मेल, तुलसी एक्सप्रेस और मंगलाद्वीप एक्सप्रेस को छोड़कर कई ट्रेनों में 5 नवंबर तक सीटें उपलब्ध हैं। हालांकि 12 नवंबर तक आते-आते ज्यादातर ट्रेनों की सीटें फुल हो रही हैं।
गोरखपुर-सीएसएमटी स्पेशल, बलिया-दादर एक्सप्रेस और कुशीनगर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में कुछ तारीखों पर सीटों की स्थिति बनी हुई है, जबकि अन्य ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों में बुकिंग तेजी से भर रही है।
प्रीमियम और स्पेशल ट्रेनें बनीं सहारा
नियमित ट्रेनों में सीटों की कमी के बीच वंदे भारत और शताब्दी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों में कुछ विकल्प मिल रहे हैं। इसके अलावा रेलवे की ओर से चलाई जा रही त्योहार स्पेशल ट्रेनों में भी सीट तलाशने का विकल्प है। साथ ही यात्री बस या फ्लाइट का आप्शन भी अभी से देख सकते हैं।
यात्रियों को सलाह है कि टिकट की स्थिति जांचने के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं और उपलब्ध सीट मिलने पर बुकिंग में देरी न करें।