
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के मुरार इलाके में वृद्धा के साथ दिनदहाड़े ठगी हो गई। महिला सामान खरीदने के लिए बाजार गई थी। तभी वृद्धा को बातों में उलझाया और उसे नोट की गड्डियां दिखाकर बातों में उलझा लिया। इन गड्डियों में ऊपर नोट लगा था, जबकि नीचे कागज की कतरन लगी है।
महिला की सोने की चेन, कान के बाले, मंगलसूत्र और अंगूठी ठग उतरवा ले गए हैं। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। ठगों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। ठगों की पहचान करने का प्रयास पुलिस कर रही है।
मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत कृष्णापुरी इलाके में रहने वालीं उजाला बाथम पत्नी संजय कुमार बाथम बाजार गई हुई थीँ। वह सब्जी मंडी के पास पहुंचीं। तभी रास्ते में एक युवक मिला, जिसके हाथ में थैला था। उसने एटीएम बूथ के बारे में पूछा। वृद्धा ने कहा कि उसे नहीं पता कि एटीएम कहां है।
इसके बाद वह वृद्धा के साथ ही बात करता हुआ चलने लगा। एक दूसरा युवक और मिला- जिसने पहले वाले युवक को रोका और पूछा कि बैग में क्या है। वृद्धा भी रुक गई तो बैग खोला, इसमें नोट की गड्डियां दिखी। फिर दूसरे युवक ने वृद्धा से कहा कि मिलकर इसका पैसा ले लेते हैं। यह सीधा लग रहा है।
वृद्धा भी पीछे-पीछे चलने लगी। फिर आगे एक और महिला मिल गई। महिला और उस युवक ने वृद्धा से कहा कि थैले में काफी रुपये हैं। अगर वह अपने गहने उतारकर दे दें तो यह रुपये ले लेंगे। वृद्धा भी झांसे में आ गई। वृद्धा ने सोने की चेन, कान के बाले, मंगलसूत्र और अंगूठियां उतारकर दे दीं।
फिर नोट की गड्डियों वाला थैला वृद्धा को दिया और चले गए। बैग में गड्डियां तो निकलीं लेकिन इसमें सिर्फ ऊपर असली नोट थे, अंदर कागज की कतरन निकलीं। फिर वृद्धा अपने घर पहुंची और स्वजनों को बताया। यह लोग मुरार थाने पहुंचे। एफआइआर दर्ज कर ली है।