
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। कम वर्षा के चलते मध्य प्रदेश में जल संकट की स्थितियां बनने लगी हैं। प्रदेश के 39 जिलों के 97 विकासखंडों में पेयजल की कमी दर्ज की गई है। ऐसे में राज्य सरकार ने चार माह पहले ही जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू कर दिया है। 15 नवंबर से शुरू यह अभियान सात अप्रैल, 2027 तक चलाया जाएगा।
सामान्यतः यह अभियान हर साल 19 मार्च से 30 जून तक आयोजित किया जाता है, लेकिन राज्य में जल संकट को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसे पहले चलाने का निर्णय लिया गया है। हालांकि मार्च से चलने वाला अभियान अगले वर्ष पूर्व की तरह ही आयोजित किया जाएगा।
इसमें जनभागीदारी के साथ जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीण परिवारों को आजीविका के लिए श्रमजन्य रोजगार उपलब्ध कराने, भविष्य में सूखे से निपटने की क्षमता विकसित करने और अगले मानसून से पहले जल संरचनाओं का काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। जिला स्तर पर कलेक्टर और विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभियान के नोडल अधिकारी होंगे।
प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में समुचित जल प्रबंधन एवं जल आपूर्ति के लिए 165.95 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें नगरीय निकायों में 30 जून 2027 तक समुचित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने का कार्य किया जाएगा। सभी ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन के लिए 187 करोड़ रुपये से अधिक की कार्ययोजना तैयार की गई है।
यह भी पढ़ें- नाम बदला, चाल नहीं... एमपी कर्मचारी चयन मंडल की 6 भर्ती परीक्षाओं के परिणाम अटके, हजारों अभ्यर्थी परेशान
प्रदेश में करीब 65 हजार से अधिक हैंडपंप, राइजर पाइप्स, बोरवेल सहित समूह जल प्रदाय योजनाओं के माध्यम से जल आपूर्ति की जा रही है। शासन से अनुमति लेकर जिलों में नवीन नलकूप खनन किए जाएंगे। जल दूत भी बनाए जा रहे हैं।