
दिलीप मंगतानी, भोपाल। सोने और चांदी के आसमान छूते भाव ने गोल्ड ज्वैलरी कारोबार को फीका कर दिया है। गोल्ड ज्वैलरी खरीदना आम आदमी के बजट से बाहर होती जा रही है। अब धीरे-धीरे चांदी ही सोने का रूप ले रही है। बाजार में चांदी से बनी आकर्षक वैरायटी पहुंच चुकी है। बाजार में वैवाहिक सीजन शुरू हो चुका है लेकिन लोग सोने के आभूषण उम्मीद के अनुरूप नहीं खरीद रहे हैं।
लग्नसरा शुरू होने वाले हैं। फरवरी माह में अनेक विवाह मुहुर्त हैं। इसे देखते हुए बाजार में ज्वैलरी की खरीददारी शुरू हो गई है लेकिन मध्यम वर्ग अब भी सोने के भाव कम होने का इंतजार कर रहा है। वर्तमान परिस्थितियां और वैश्विक अनिश्चितता को देखते हुए गोल्ड के दाम कम होने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। यही कारण है किलोग सिल्वर ज्वैलरी के तरफ आकर्षित हो रहे हैं। सोने की हाल मार्क ज्वैलरी 22 कैरेट सोने से बनती है। इसका शुद्धता प्रतिशत 91.6 होता है। अब सिल्वर में भी भी 80 से 92 प्रतिशत शुद्धता वाले आभूषण आने लगे हैं।

सराफा व्यापारियों का कहना है कि जिस गति से सोने के दाम बढ़ रहे हैं उससे लग रहा है कि सोने के आभूषण अब उच्च वर्ग के लिए ही रह गए हैं। वेडिंग सीजन शुरू होने से पहले ही सोने के दाम एक लाख रूपये प्रति दस ग्राम से अधिक हो गए थे। लोगों को लग रहा था दाम कम होंगे पर अब सोने के दाम डेढ़ लाख रूपये प्रति दस ग्राम से भी अधिक हो चुके हैं। जिन लोगों ने दाम कम होने का इंतजार किया वे अब पछता रहे हैं। वेडिंग के लिए अब कम वजन की ज्वैलरी खरीदी जा रही है। कुछ लोग 22 कैरेट के बजाय 18 कैरेट की रोज-गोल्ड ज्वैलरी खरीद रहे हैं।
Gold Rate Today: 22 जनवरी को सोने-चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट, रिकॉर्ड हाई से इतने कम हुए दाम
गोल्ड के भाव आसमान पर पहुंचने के बाद अब चर्चा है कि चांदी ही अगला सोना बनेगा। बाजार में परंपरागत बिछिया, पायल एवं कड़े के साथ अब चांदी की चैन, अंगूठी एवं ब्रेसलेट भी आने लगे हैं। चांदी पर गोल्ड पालिश कर उसे आकर्षक रूप दिया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है किगोल्ड खरीदने वाले चांदी के आभूषण पसंद कर रहे हैं। ग्रामीण ग्राहक चांदी खरीदते हैं। महंगे दाम के कारण चांदी पसंद करने वाले परंपरागत ग्राहक बाजार नहीं आ रहे हैं।

नोट- सोना प्रति दस ग्राम। चांदी प्रति किलो। भाव स्थानीय सराफा व्यापारियों के अनुसार।
महंगे दाम से बिक्री पर असर
गोल्ड के दाम बढ़ने के कारण आभूषणों की बिक्री पर कम हो गई है। मध्यम वर्ग ने दाम बढ़ते ही पुराना सोना भी बेच दिया अब वे पछता रहे हैं। वेडिंग के लिए ज्वैलरी बहुत कम खरीदी जा रही है। जो लोग गोल्ड खरीदते थे वे चांदी की तरफ आकर्षित हो रहे हैं वहीं चांदी की पायल, बिछिया और कड़े आदि महंगे होने से इसकी बिक्री प्रभावित हुई है।
-मोहित दादलानी, सराफा व्यापारी
कारोबार प्रभावित, खरीदी कम
गोल्ड की बिक्री तो काफी समय से कम हो गई है। अब चांदी के दाम भी बढ़ गए हैं। वेडिंग के लिए पायल, अंगूठी एवं बिछिया की खरीदी होती थी। इनके दाम तीन गुना तक बढ़ गए हैं। एक हजार वाली अंगूठी तीन हजार रूपये हो गई इस कारण कारोबार कम हो गया है। दिन में कई बार दाम कम होते और बढ़ते हैं इससे व्यापारियों को नुकसान हो रहा है।
- रेखा अशोक गोयल, ज्वैलरी व्यवसाई