
नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। रातीबड़ थाना क्षेत्र के खारपी रोड पर सोमवार शाम एक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े युवक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद आरोपित कार चालक मौके से फरार हो गया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त कार आगे जाकर एक खेत में पलट गई।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम खारपी निवासी 19 वर्षीय आर्यन मारण छात्र था। सोमवार शाम करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच आर्यन अपने दो दोस्तों, मनीष मारण और अभिषेक मारण के साथ गांव से जिम करने के लिए ग्राम सिकंदराबाद आ रहा था।
इसी दौरान परख खारपी जोड़ के पास वह तीनों सड़क किनारे लघुशंका के लिए रुके थे। तभी सिकंदराबाद की ओर से आ रही एक कार का चालक वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए आया और उसने सड़क किनारे खड़े आर्यन को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्वजनों के मुताबिक, कार की रफ्तार अधिक थी कि टक्कर लगते ही आर्यन हवा में काफी ऊपर उछला और दूर जाकर गिरा। टक्कर मारने के बाद कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खेत में पलट गई।इस हादसे में आर्यन के सिर, सीने, हाथ, पैर सहित पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
उसके दोस्त और स्थानीय लोग उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक जांच में उसकी नाजुक हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई।
इसके बाद परिजन उसे दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद आर्यन को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के मामा सचिन मारण की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।