डॉक्टरों ने बताया प्रेग्नेंट, रिपोर्ट में निकला ट्यूमर; सदमे में 12वीं की छात्रा की मौत
राजधानी में 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। छात्रा का स्वास्थ्य बिगड़ने पर स्वजन उसे हमीदिया अस्पताल लेकर गए थे। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 10 Mar 2026 09:25:15 PM (IST)Updated Date: Tue, 10 Mar 2026 09:25:15 PM (IST)
प्रेग्नेंसी की बात सुनकर डिप्रेशन में गई छात्रा।HighLights
- प्रेग्नेंसी की बात सुनकर डिप्रेशन में गई छात्रा।
- पिता का अस्पताल पर गंभीर आरोप।
- भोपाल के अस्पताल में बड़ी लापरवाही।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। छात्रा का स्वास्थ्य बिगड़ने पर स्वजन उसे हमीदिया अस्पताल लेकर गए थे। आरोप है कि वहां डाक्टरों ने उसके गर्भवती होने की बात कही थी और सुल्तानिया अस्पताल रेफर कर दिया था।
इस बात से छात्रा को गहरा सदमा लगा। वहीं जब सुल्तानिया अस्पताल में छात्रा की जांच की गई तो मेडिकल रिपोर्ट में पेट में ट्यूमर होने की पुष्टि हुई। मामले की जांच कर रही एमपीनगर पुलिस का भी कहना है कि पेट में ट्यूमर की ही जानकारी मिली है। हमीदिया अस्पताल की रिपोर्ट नहीं मिल पाई है।
गलत डायग्नोसिस से गहरे तनाव में गई छात्रा
जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय छात्रा एमपीनगर थाना क्षेत्र स्थित अर्जुन नगर में रहती थी। वह 12वीं कक्षा की छात्रा थी। दो मार्च को परीक्षा देकर घर लौटने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। स्वजनों का आरोप है कि जहां प्रारंभिक जांच में डाक्टरों ने उसे करीब दो माह की गर्भवती बताया।
सोनोग्राफी में स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर उसे सुल्तानिया अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ के पास भेजा गया। वहां दोबारा जांच के बाद पेट में ट्यूमर होने की पुष्टि की गई। छात्रा के पिता का आरोप है कि गर्भावस्था की बात सुनने के बाद उनकी बेटी गहरे तनाव में आ गई थी। उसने बातचीत करना भी बंद कर दिया था और लगातार उसकी तबीयत बिगड़ती रही।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम का इंतजार
सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता के मुताबिक अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने पहले दुष्कर्म की आशंका में जांच शुरू कर दी थी, लेकिन दूसरी सोनोग्राफी के बाद मामला बदल गया। एमपी नगर थाना पुलिस ने मौत के कारणों की जांच शुरू की है।
एसआई अर्चना तिवारी का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी में छात्रा के पेट में ट्यूमर होने की बात सामने आई है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व स्वजनों के विस्तृत बयान के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।