रामलला से जगन्नाथ धाम तक का सफर: MP के श्रद्धालुओं के लिए IRCTC की सौगात, 15 सितंबर से शुरू होगी भारत गौरव ट्रेन
आईआरसीटीसी की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन रानी कमलापति (भोपाल) सहित मध्य प्रदेश के 10 स्टेशनों से श्रद्धालुओं को पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और अयोध्या की...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 24 Jul 2026 12:49:04 PM (IST)Updated Date: Fri, 24 Jul 2026 12:49:04 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई है।HighLights
- 15 सितंबर से शुरू होगी धार्मिक यात्रा
- 10 रात, 11 दिन का ऑल-इन्क्लूसिव पैकेज
- स्लीपर, थ्री एसी और टू एसी का किफायती किराया निर्धारित
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी और आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं के लिए एक ही यात्रा में देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलने जा रहा है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) 15 सितंबर से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करेगा।
इन धामों की होगी यात्रा
यह ट्रेन इंदौर से रवाना होकर रानी कमलापति (भोपाल), सीहोर, शुजालपुर, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और अनूपपुर सहित मध्यप्रदेश के प्रमुख स्टेशनों से यात्रियों को साथ लेकर पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और अयोध्या (रामलला) की यात्रा कराएगी।
यह धार्मिक यात्रा 10 रात और 11 दिन की होगी। इस दौरान श्रद्धालु पुरी के जगन्नाथ मंदिर, गंगासागर, गया, काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी के प्रमुख घाटों और अयोध्या में रामलला के दर्शन कर सकेंगे।
ये रहेगा किराया
आईआरसीटीसी ने यात्रा के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की हैं। स्लीपर (इकोनॉमी) का किराया 19,600 रुपये, थ्री एसी (स्टैंडर्ड) का 31,850 रुपये और टू एसी (कम्फर्ट) का 41,900 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। यह एक ऑल-इन्क्लूसिव टूर पैकेज है।
इसमें एलएचबी कोच से रेल यात्रा, यात्रा के दौरान भोजन, ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय दर्शनीय स्थलों तक बस से परिवहन, टूर एस्कार्ट, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा और हाउसकीपिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com पर ऑनलाइन या अधिकृत एजेंटों के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं।