MP में मंत्रियों के प्रभार वाले जिले बदलेंगे, गृह जिले से दूरी होगी कम; नए साल में मंत्रिमंडल विस्तार
मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों में फेरबदल से पहले मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों को बदलने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, दिसंबर के पहले पखवाड़े तक बदलाव हो सकता है
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 11:27:39 AM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 11:27:39 AM (IST)
केंद्रीय नेतृत्व से प्रभार के जिलों में बदलाव को हरी झंडी मिल गई है। फाइल फोटो।HighLights
- मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों को बदलने की तैयारी
- दिसंबर के पहले पखवाड़े तक बदलाव हो सकता है
- मंत्रिमंडल विस्तार पर नए साल में विचार की संभावना
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार या मंत्रियों के विभागीय कामकाज में फेरबदल से पहले मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में बदलाव किया जाएगा। प्रदेश सरकार व संगठन की ओर से केंद्रीय संगठन को तीन प्रस्ताव भेजे गए थे, जिनमें मंत्रिमंडल विस्तार, विभागों में बदलाव और प्रभार के जिले बदलना शामिल था। फिलहाल केंद्रीय नेतृत्व से सिर्फ प्रभार के जिलों में बदलाव को हरी झंडी मिल गई है।
दिसंबर में होगा फेरबदल
सूत्रों के मुताबिक, दिसंबर के पहले पखवाड़े तक मंत्रियों के प्रभार के जिले बदल दिए जाएंगे, जबकि नए साल में मंत्रिमंडल विस्तार पर विचार किया जाएगा। जिन मंत्रियों के गृह जिले से उनके प्रभार वाले जिलों की दूरी बहुत अधिक है, उन्हें अब नजदीक के जिले दिए जाएंगे। इसके लिए पार्टी स्तर पर होमवर्क पूरा हो चुका है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास मंत्रियों के साल भर के कामकाज की रिपोर्ट भी मौजूद है।
गृह जिले से काफी दूर हैं प्रभार के जिले
मंत्रियों के मौजूदा प्रभार वाले जिलों की उनके गृह जिलों से दूरी अत्यधिक होने के कारण प्रशासनिक और मैदानी कार्यों में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
-संपतिया उइके (आलीराजपुर व सिंगरौली): गृह जिला मंडला से आलीराजपुर की दूरी 761 किलोमीटर है।
-कैलाश विजयवर्गीय (धार व सतना): गृह जिला इंदौर से सतना की दूरी 650 किलोमीटर है।
-नागर सिंह चौहान (उमरिया व आगर मालवा): गृह जिला आलीराजपुर से उमरिया की दूरी 887 किलोमीटर है।
-प्रद्युम्न सिंह तोमर (पांढुर्णा व शिवपुरी): गृह जिला ग्वालियर से पांढुर्णा की दूरी 675 किलोमीटर है।
-प्रहलाद पटेल (भिंड व रीवा): गृह जिला नरसिंहपुर से भिंड 527 किमी और रीवा 280 किमी दूर है; दोनों जिले विपरीत दिशाओं में हैं।
-करण सिंह वर्मा (मुरैना व सिवनी): गृह जिला सीहोर से मुरैना 452 किमी और सिवनी 416 किमी दूर है।
-जगदीश देवड़ा (देवास व जबलपुर): गृह जिला मंदसौर से जबलपुर की दूरी 650 किलोमीटर है।
-राजेंद्र शुक्ला (सागर व शहडोल): गृह जिला रीवा से सागर की दूरी 335 किलोमीटर है।