
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने में गिरफ्तार 23 वर्षीय अफजल शेख ने पूछताछ में चौंकाने वाली वजह बताई है। उसका कहना है कि अपने माता-पिता के बीच आए दिन होने वाले विवाद से परेशान होकर वह कई बार पुलिस से मदद मांग चुका था, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। डायल-112 की टीम भी घर नहीं पहुंची तो उसने पुलिस को बुलाने के लिए सीधे मुख्यमंत्री को ही धमकी देने का तरीका अपनाया।
हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। अफजाल इससे पहले इसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम को संदेश भेजकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी धमकी दे चुका है। भोपाल क्राइम ब्रांच ने आरोपित अफजल को मुंबई से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की रिमांड पर लिया गया है। वह बुरहानपुर जिले का निवासी है।
भोपाल क्राइम ब्रांच के अनुसार, अफजल ने 23 सितंबर को सुबह डायल-112 के व्हाट्सएप नंबर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी भेजी थी। संदेश मिलने के बाद भोपाल क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और उसकी लोकेशन मुंबई में मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि दोनों मुख्यमंत्रियों को धमकी देने की घटनाओं में उसकी मंशा और तरीका एक जैसा था या नहीं।
यह भी पढ़ें- गरीबों, किसानों और विद्यार्थियों के लिए शुरू हुई बस सेवा, सीएम ने कहा- सुगम बस सेवा का संकल्प था, पूरा करके दिखाया
अफजल शेख बुरहानपुर के शिकारपुरा क्षेत्र का निवासी है। वह अपनी तलाकशुदा मां के साथ रहता है। परिवार में वह इकलौता बेटा है और उसकी दो बहनें भी हैं। उसके पिता ने मां को तलाक दे दिया था, लेकिन दोनों के बीच विवाद जारी रहते थे। अफजल का अपने पिता से भी विवाद होता रहता था।
पूछताछ में उसने बताया कि घर में होने वाले झगड़ों से परेशान होकर वह कई बार पुलिस को फोन कर चुका था। उसका आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और डायल-112 भी मौके पर नहीं पहुंची।
आरोपित को गिरफ्तार कर दो दिन की रिमांड पर लिया गया है। उससे धमकी देने के पीछे की वजह और पूरे मामले में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पिता से विवाद की बात सामने आई है। - संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर, भोपाल