
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल और राजस्थान के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ ही आने वाले समय में यात्रियों का सफर भी आसान होने वाला है। रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन परियोजना पूरी होने पर भोपाल से कोटा और राजस्थान के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए नया रेल मार्ग उपलब्ध होगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि ब्यावरा-झालावाड़ मार्ग की तुलना में नया रेल मार्ग करीब 42 किलोमीटर छोटा होगा।
इससे यात्रियों को सफर में लगभग तीन घंटे तक की बचत होने की संभावना है। वहीं, भोपाल, सीहोर और राजगढ़ जिले के आसपास के क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। इससे नौकरी, व्यापार, शिक्षा और पर्यटन के लिए आने-जाने वाले लोगों को सुविधा होगी। मालगाड़ियों के लिए भी नया मार्ग उपलब्ध होने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पश्चिम मध्य रेल की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लंबाई 276.50 किलोमीटर है। यह मध्यप्रदेश और राजस्थान के पांच जिलों भोपाल, सीहोर, राजगढ़, झालावाड़ और कोटा को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।
परियोजना के तहत भोपाल मंडल के हिस्से में 111 किलोमीटर रेल लाइन और 12 स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें अब तक निशातपुरा डी केबिन से कुरावर, ब्यावरा-राजगढ़-सोनकच्छ और सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ तक कुल 89 किलोमीटर रेलखंड का काम पूरा हो चुका है।
वर्ष 2026 में भोपाल मंडल के तीन रेलखंडों का काम पूरा कर उन्हें कमीशन किया गया है। इनमें श्यामपुर-कुरावर के बीच 15 किलोमीटर, ब्यावरा-सोनकच्छ के बीच 24.50 किलोमीटर और सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ के बीच 13 किलोमीटर रेल लाइन शामिल है। इस तरह इस साल कुल 52.50 किलोमीटर नई रेल लाइन शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
यह भी पढ़ें- 4 करोड़ कर्मचारियों के लिए खुशखबरी... ESIC के नए नियम जारी, बिना फॉर्म भरे सीधे खाते में आएगा क्लेम का पैसा
परियोजना के अंतर्गत नरसिंहगढ़-कुरावर के बीच शेष 22 किलोमीटर रेलखंड का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस हिस्से में पुल निर्माण, रेलवे ओवरब्रिज, ट्रैक लिंकिंग, विद्युतीकरण और सिग्नलिंग का काम चल रहा है। भोपाल मंडल में इस परियोजना के लिए करीब 1255 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।