भोपाल से ओरछा-चंदेरी का सफर अब और आसान, सीएम मोहन यादव करेंगे पीएम श्री हेली सेवा के नए सेक्टर का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान करेंगे। यह नया सेक्टर भोपाल को भगवान ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 18 Apr 2026 10:53:11 PM (IST)Updated Date: Sat, 18 Apr 2026 10:53:11 PM (IST)
चंदेरी और ओरछा में ₹3500 में मिलेगी 'जाय राइड'। (फाइल फोटो)HighLights
- चंदेरी और ओरछा में ₹3500 में मिलेगी 'जाय राइड'
- हेली पर्यटन सेवा का सप्ताह में 5 दिन होगा संचालन
- प्रसाद-टैक्सी समेत हेली सेवा का विशेष पैकेज लॉन्च
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को सुगम, सुरक्षित और आनंददायक बनाने की दिशा में 19 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे, राजधानी के स्टेट हैंगर से 'पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा' के अंतर्गत नए सेक्टर (भोपाल-चंदेरी-ओरछा) का शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान करेंगे। यह नया सेक्टर भोपाल को भगवान श्रीराम की राजनगरी ओरछा और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध चंदेरी से जोड़ेगी। इससे श्रद्धालु श्रीरामराजा मंदिर में सुगमता से दर्शन के लिए पहुंच सकेंगे और चंदेरी की सांस्कृतिक विरासत व प्रसिद्ध हस्तशिल्प का अनुभव ले सकेंगे।
एंड-टू-एंड सेवा और संचालन का समय
सेक्टर-2 अंतर्गत यह सेवा सप्ताह में पांच दिन (बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार) संचालित होगी। यात्रियों के लिए भोपाल से चंदेरी का किराया 5,500 रुपये और भोपाल से ओरछा का किराया 6,500 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 14,500 रुपये के विशेष पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी ''एंड-टू-एंड'' सुविधाएं भी शामिल हैं। चंदेरी और ओरछा में पर्यटकों के लिए 3,500 रुपये में 'जॉय राइड' की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें- दुनिया की सबसे महंगी बीमारी से जूझ रही है भोपाल 'नन्ही काशी', बचाने के लिए चाहिए 15 करोड़ का इंजेक्शन
आधुनिक सुविधाएं और बुकिंग की प्रक्रिया
पीपीपी मॉडल पर संचालित इस सेवा में यात्रा के लिए छह सीटों वाले आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है। गंतव्य पर होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए गाइड की व्यवस्था भी पूर्व निर्धारित रहेगी। बुकिंग के लिए पर्यटक www.flyola.in और आईआरसीटीसी (IRCTC) पोर्टल पर बुकिंग कर सकते हैं। मुख्यमंत्री की इस पहल से मध्य प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर ओरछा और चंदेरी की पहुंच और अधिक आसान हो जाएगी।