Twisha Sharma Death Case: सीबीआई जांच के लिए भोपाल में बनाएगी विशेष कैंप, समर्थ को लेकर जाएगी क्राइम सीन पर
Twisha Sharma Death Case: अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में दिल्ली से भोपाल पहुंची सीबीआई की टीम अब यहीं डेरा डालने जा रही है। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 27 May 2026 04:42:40 PM (IST)Updated Date: Wed, 27 May 2026 04:46:13 PM (IST)
HighLights
- क्राइम सीन रिक्रिएशन की तैयारी में सीबीआई
- कटारा हिल्स पुलिस से टीम ने मांगा सहयोग
- भोपाल पुलिस कमिश्नर को लिखित आवेदन भेजा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में दिल्ली से भोपाल पहुंची सीबीआई की टीम अब यहीं डेरा डालने जा रही है। जांच को सुचारू और गोपनीय तरीके से आगे बढ़ाने के लिए सीबीआई की टीम भोपाल में अपना एक विशेष कैंप यानी कंट्रोल रूम बनाने की तैयारी में है। इस संबंध में दिल्ली सीबीआई टीम की ओर से भोपाल पुलिस कमिश्नर को एक लिखित आवेदन भेजा गया है।
आवेदन में मांग की गई है कि सीबीआई की टीम को शहर में एक ऐसा सुरक्षित और उपयुक्त स्थान मुहैया कराया जाए, जहां केस से जुड़े बेहद संवेदनशील दस्तावेजों को सुरक्षित रखा जा सके और जरूरत पड़ने पर आरोपित व संदिग्धों को रोककर उनसे पूछताछ की जा सके।
क्राइम सीन रिक्रिएशन की तैयारी
सीबीआई से पत्र मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर स्थानीय अधिकारी जगह की तलाश में जुट गए हैं। भोपाल में कैंप ऑफिस बनने से दिल्ली और स्थानीय अधिकारियों के बीच समन्वय और तेज होगा। इसी बीच, मामले में एक बड़ा अपडेट यह है सीबीआई की टीम थोड़ी ही देर में मुख्य आरोपित और मृतका के पति समर्थ सिंह को लेकर घटनाक्रम का सच जानने क्राइम सीन (घटनास्थल) पर पहुंचेगी।
कटारा हिल्स पुलिस से मांगा सहयोग
सीबीआई टीम ने इस प्रक्रिया के लिए कटारा हिल्स पुलिस से विशेष सहयोग मांगा है। जांच अधिकारी समर्थ को मौके पर ले जाकर घटना के दिन के पूरे घटनाक्रम का मिलान करेंगे। गौरतलब है कि आरोपित समर्थ सिंह की पुलिस रिमांड अवधि आगामी 29 मई तक है।
सीबीआई की टीम कोर्ट से औपचारिक अनुमति और रिमांड मिलने के बाद आरोपित समर्थ को इसी प्रस्तावित कंट्रोल रूम में रखकर पूछताछ करेगी, ताकि इस संदिग्ध मौत से पूरी तरह पर्दा उठाया जा सके।