डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की मूल भावना समानता, समरसता और समभाव की है और इसी भावना के अनुरूप प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार, 15 अगस्त को भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और संयुक्त परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और प्रदेशवासियों के नाम संदेश दिया।
समरसता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की भूमि समानता, समरसता और समभाव की भूमि है। भगवान श्रीराम से लेकर भगवान श्रीकृष्ण तक तथा संतों और महापुरुषों ने समाज को समानता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की इसी मूल भावना के अनुरूप मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की जा रही है।
22 टुकड़ियों ने किया मार्च पास्ट
समारोह में पुलिस बैंड सहित कुल 22 टुकड़ियों ने अनुशासित और आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड में महाराष्ट्र पुलिस बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, हॉक फोर्स, एसटीएफ, महिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल विभाग, शासकीय रेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी, गाइड, स्काउट्स, शौर्य दल, पुलिस बैंड और अश्वरोही दल शामिल रहे।
शौर्य स्मारक पर वीरों को किया नमन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने शौर्य स्मारक स्थित अमर जवान ज्योति पर देश के वीर सपूतों की शहादत को नमन किया। उन्होंने शौर्य स्मारक परिसर में भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
इसके बाद मुख्यमंत्री निवास में ध्वजारोहण कर सलामी ली और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नन्ही बालिका सहित प्रदेशवासियों को भी उन्होंने शुभकामनाएं दीं।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदक
समारोह में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को पदकों से अलंकृत किया गया। मुख्यमंत्री ने परेड कमांडर और विभिन्न प्लाटून कमांडरों को भी पुरस्कार प्रदान किए।
पूरे समारोह के दौरान लाल परेड मैदान देशभक्ति, उत्साह और गरिमा से सराबोर रहा।