
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। दतिया विधानसभा के उपचुनाव के परिणाम से चंद घंटे पहले कांग्रेस ने बड़ा कदम उठाते हुए पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। यह कार्रवाई उपचुनाव में भितरघात के आरोप में की गई है। पार्टी के प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने आरोप लगाया था कि उन्होंने भाजपा नेताओं से फंड लेकर मेरे विरुद्ध काम किया है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अनुमोदन से यह कार्रवाई की। प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी का कहना है कि राजेंद्र भारती के विरुद्ध गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
पार्टी के प्रत्याशी की ओर से आरोप लगाए गए थे कि पूर्व विधायक ने भाजपा से लिया हुआ पैसा अपने मित्रों के माध्यम से बांटा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने समर्थकों के साथ बैठक की और उसमें नरोत्तम मिश्रा को हराने की बात कही। इसके मायने यह थे कि घनश्याम सिंह पूर्व मंत्री डॉ. मिश्रा के समर्थन से ही चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी जीत का मतलब नरोत्तम मिश्रा की जीत ही होगा।
यह भी पढ़ें- एमपी में अधिकतम वेतन के लिए बोली लगाएंगे डॉक्टर, सबसे कम सैलरी मांगने वाले की होगी पोस्टिंग
हालांकि, राजेंद्र भारती ने घनश्याम सिंह के आरोप पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया था कि उनका चुनाव पूर्व गृहमंत्री ने ही लड़ा है। प्रदेश कांग्रेस द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय संगठन ने रविवार देर रात राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया।