
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर की लाइफ लाइन बड़े तालाब की सीमाओं को चिह्नित करने के लिए टीटीनगर वृत्त में कल यानी सोमवार से बड़े तालाब का सीमांकन किया जाएगा। ऐसे में यहां तालाब के किनारे मौजूद रसूखदारों के बड़े-बड़े कब्जे उजागर होने की उम्मीद है।
इसके लिए टीटीनगर तहसील में शनिवार को नगर निगम, वन विभाग के अधिकारियों के साथ तहसीलदार ने बैठक कर योजना बनाई है। जिसके तहत शनिवार को दुकानदारों व डेरी संचालकों को नोटिस जारी कर खुद से हटने का समय दिया गया है; यदि वह नहीं हटते हैं तो उन पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की जाएगी।
इससे स्पष्ट है कि जिला प्रशासन बड़े तालाब के सीमांकन की कार्रवाई को लेकर सख्त हो गया है और तेजी से इसे पूरा कर अवैध निर्माणों को जमींदोज करने की कार्रवाई करेगा।
जानकारी के अनुसार संत हिरदाराम नगर वृत्त में 25 फरवरी से बड़े तालाब के सीमांकन की कार्रवाई वीआइपी रोड से शुरू हुई थी जो कि खानूगांव, हलालपुर, बेहटा, बोरवन, लाउखेड़ी तक पहुंच गई है। यहां पर राजस्व अमले ने एफटीएल व 50 मीटर दायरे में 200 से अधिक निर्माण चिह्नित किए हैं, जिनमें 150 से अधिक झुग्गियां शामिल हैं।
बड़े तालाब में जमकर हुए अतिक्रमणों की पोल लगातार खुल रही है। इसी बीच अब टीटीनगर वृत्त में भी सीमांकन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
इसको लेकर शनिवार को तहसीलदार कुनाल राउत ने नगर निगम, वन विभाग के अधिकारियों के साथ तैयारियों को लेकर चर्चा की। जिसमें टीएंडसीपी द्वारा सत्यापित नक्शे के बारे में आरआइ व पटवारी ने अधिकारियों को विस्तार से बताया।
सीमांकन करने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है, जो कि एक ही समय पर दो अलग-अलग स्थानों से कार्रवाई शुरू करेंगी। यह टीमें भदभदा और प्रेमपुरा गांव से बड़े तालाब की सीमाओं को चिह्नित करना शुरू करेंगी, जिससे कि जल्द से जल्द कार्रवाई को पूरा किया जा सके।
टीटीनगर क्षेत्र में बड़े तालाब की सीमा सेवनिया गोड़, प्रेमपुरा, आमखेड़ा, धर्मपुरी, गौरागांव, बिसनखेड़ी, बिलखेड़ा और कोटरा सुल्तानाबाद से लगा हुआ है।
प्राथमिक तौर पर बड़े तालाब के 50 मीटर दायरे में पहले से कुछ दुकान व भैंस डेरी बनी हुई हैं। जिन्हें राजस्व अमले ने नोटिस देते हुए 12 व 13 मार्च तक का समय दिया है। ऐसे में वह खुद से कब्जा हटा सकते हैं, नहीं हटाने पर प्रशासन इन्हें कार्रवाई करते हुए जमींदोज कर देगा।
'टीटीनगर के प्रेमपुरा और भदभदा गांव से सोमवार को बड़े तालाब का सीमांकन शुरू किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम, वन विभाग के अधिकारियों को बता दिया गया है। साथ ही दुकानदारों व भैंस डेरी संचालकों को नोटिस जारी कर खुद कब्जा छोड़ने का समय दिया गया है।' - अर्चना शर्मा, एसडीएम टीटीनगर