एमपी राज्य मंत्रालय में कोई सोने का ब्रेसलेट भूला तो किसी ने आइफोन छोड़ा, मालिकों की तलाश जारी
राज्य मंत्रालय वल्लभ भवन में प्रदेश के कोने-कोने से लोग प्रशासनिक काम से आते हैं। इस दौरान कई लोग अपना कीमती सामान भी भूलकर चले जाते हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 25 May 2026 10:36:25 PM (IST)Updated Date: Mon, 25 May 2026 10:36:25 PM (IST)
राज्य मंत्रालय वल्लभ भवनराज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राज्य मंत्रालय वल्लभ भवन में प्रदेश के कोने-कोने से लोग प्रशासनिक काम से आते हैं। इस दौरान कई लोग अपना कीमती सामान भी भूलकर चले जाते हैं। कुछ दिनों पहले मंत्रालय के सुरक्षाकर्मियों को दो सोने के ब्रेसलेट, एक सोने की अंगूठी और एक आईफोन मंत्रालय में पड़ा मिला। जिसे उन्होंने अपने सुरक्षा अधिकारी के पास सुरक्षित रखवा दिया है।
इनमें से सोने के ब्रेसलेट की तलाश में तो लोग मंत्रालय आए और उन्हें उनका सामान लौटा दिया गया, लेकिन सोने की अंगूठी और आईफोन लेने अब तक कोई नहीं आया है। मंत्रालय की सुरक्षा शाखा ने ऐसे गुम सामान की सूचना वायरलेस पर सभी थानों को भी दी है। इधर, मंत्रालय के सुरक्षाकर्मियों की ईमानदारी को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
उप सचिव कार्मिक को लौटाया सोने का ब्रेसलेट
सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक की उप सचिव सुमनलता माहौर का सोने का ब्रेसलेट 15 मई को दोपहर में वल्लभ भवन के गेट क्रमांक तीन पर गाड़ी से उतरते समय गिर गया था। जिसे 18 मई को मंत्रालय के सुरक्षाकर्मी एएसआई सुधाकर ठोमरे ने अपने सुरक्षा अधिकारी अविनाश शर्मा को सौंप दिया। इस ब्रेसलेट को लेकर पूछताछ की गई तब यह माहौर का होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में एएसआई ठोमरे ने उन्हें लौटा दिया।
इस कार्य की प्रशंसा करते हुए माहौर ने सुरक्षा अधिकारी को पत्र भी लिखा। उन्होंने कहा कि सुधाकर ठोमरे द्वारा दिखाया गया यह कर्तव्यबोध, ईमानदारी और सजगता सुरक्षा विभाग की छवि को अत्यंत गौरवशाली बनाती है। उनके इस उत्कृष्ट आचरण ने मुझे गहराई से प्रभावित किया है। मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है कि आपके नेतृत्व में कार्य कर रहे ऐसे ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी की सराहना आधिकारिक स्तर पर भी की जाए, ताकि पूरी टीम का मनोबल बढ़े।