Weather Of MP: राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण तपने लगा प्रदेश, दिन के तापमान में चार से छह डिग्री का उछाल
राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ा। अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 4-6 डिग्री अधिक दर्ज हुआ। फिलहाल प्रदेश ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 10 Mar 2026 07:41:36 AM (IST)Updated Date: Tue, 10 Mar 2026 07:41:36 AM (IST)
एमपी में गर्मी करने लगी परेशान। (फाइल फोटो)HighLights
- राजस्थान की गर्म हवाओं से मध्य प्रदेश में गर्मी बढ़ी
- कई जिलों में तापमान सामान्य से 4-6 डिग्री अधिक रहा
- रतलाम में सबसे अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण प्रदेश तपने लगा है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी रतलाम में रही, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार पचमढ़ी को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी संभागों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। बढ़ती गर्मी के कारण दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस किया गया। प्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
मौसम विज्ञानी के अनुसार वर्तमान में एक ट्रफ बिहार से मराठवाड़ा तक झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के ऊपर से गुजर रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी निचले संभागों में सोमवार देर रात तक कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा मध्य क्षोभमंडल स्तर की पश्चिमी हवाओं में एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है। वहीं जम्मू-कश्मीर के ऊपर उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं भी बह रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
महानगरों का तापमान
भोपाल में अधिकत तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री रहा है। इंदौर में तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। ग्वालियर में तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबलपुर में अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा है।