भोपाल में गेहूं खरीदी घोटाला... विधायक के वेयरहाउस में पहले ही भरा मिला स्टॉक, दो JSO नपे
Bhopal में समर्थन मूल्य दो हजार 625 पर किसानों से गेहूं की खरीदी जारी है लेकिन इससे पहले बैरसिया विधायक विष्णु खत्री के भागवती वेयरहाउस में किसानों का ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 07:10:48 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 07:10:48 PM (IST)
भोपाल में गेहूं खरीदी घोटालानईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में समर्थन मूल्य दो हजार 625 पर किसानों से गेहूं की खरीदी जारी है लेकिन इससे पहले बैरसिया विधायक विष्णु खत्री के भागवती वेयरहाउस में किसानों का गेहूं भरवा दिया गया था। इस वेयरहाउस की निगरानी का जिम्मा जेएसओ (कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी) पुष्पराज पाटिल व मयंक द्विवेदी के पास था। इस मामले में खाद्य विभाग ने दोनों की गंभीर चूक मानते हुए नोटिस देकर जवाब तलब किया है। बता दें कि इस वेयरहाउस में खरीदी शुरु होने के पहले ही 35 किसानों से करीब साढ़े छह हजार क्विंटल गेहूं खरीदकर रख लिया गया था।
समितियां और किसान ब्लैक लिस्टेड
मामले का खुलासा होने के बाद खाद्य विभाग ने खरीदी कराने वाली समिति को ब्लैक लिस्टेड कर दिया। गेहूं बेचने वाले किसानों को भी ब्लैक लिस्टेड किया गया है, जिससे यह किसान अब सरकारी केंद्रों पर गेहूं नहीं बेच पा रहे हैं। घटना के बाद जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने जेएसओ पुष्पराज पाटिल और मयंक द्विवेदी को निगरानी की जिम्मेदारी दी थी, लेकिन दोनों ने पहले से हो रही गेहूं खरीदी को लेकर अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं दी। जिसको लेकर खाद्य विभाग के आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
विधायक के वेयरहाउस पर नरमी! समितियों पर गिरी गाज
समय से पहले गेहूं भरकर रखने के मामले में विधायक के वेयरहाउस को बड़ी कार्रवाई से बचाया गया है, लेकिन किसानों से खरीदी रोक दी गई है। साथ ही खरीदी करने वाली व बारदाना रखवाने वाली समितियों को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। सूत्र बता रहे हैं कि इस वेयरहाउस को दोबारा से मैप करने के बाद खरीदी केंद्रों में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
15 हजार किसानों को हुआ करोड़ों का भुगतान
राजधानी में समर्थन मूल्य पर 92 उपार्जन केंद्रों पर गेहूं खरीदी जारी है, अब तक 15 हजार 302 किसानों से करीब 70 हजार 614 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। जिसकी कीमत करीब 185 करोड़ रुपये है, जिसमें से 92 करोड़ 51 लाख रुपये किसानों को भुगतान भी कर दिया गया है। बता दें कि इस बार समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए 37 हजार 407 किसानों ने पंजीयन करवाया है, जिनमें से 21 हजार 398 किसानों ने स्लॉट बुक किए हैं।