
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमगंज में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपित नाली में सुतली बम और राकेट चला रहे थे। इससे उछल रहा कीचड़ अनिकेत खटीक के घर की दीवार और छत पर गिर रहा था। छत पर खाना खा रही उसकी मां की थाली में भी कीचड़ के छींटे पहुंचे तो वह नीचे जाकर पड़ोसियों को टोकने लगीं। इसी बात पर विवाद हुआ।
मां के समर्थन में आए अनिकेत पर आरोपितों ने चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मां को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। अनिकेत की सोमवार तड़के इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि मां हमीदिया में इलाजरत हैं। हनुमानगंज पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, फरार चार की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार इब्राहिमगंज निवासी अनिकेत दवा बाजार स्थित मेडिकल दुकान में काम करता था। वह पिता के गल्ला मंडी के कारोबार में भी सहयोग करता था। घर के सामने रहने वाले प्रेम बस्तवार से उसकी पुरानी रंजिश थी। दीपावली की रात करीब 10 बजे प्रेम अपने दोस्त अमन रैकवार, आदित्य और अन्य साथियों के साथ घर के बाहर पटाखे जला रहा था।
अनिकेत के मौसेरे भाई अर्नब ने बताय कि वे नाली में सुतली बम और राकेट फोड़ रहे थे। इससे कीचड़ उछलकर अनिकेत के घर की छत तक पहुंच रहा था। उस समय उसकी मां छत पर बैठकर खाना खा रही थीं। थाली में कीचड़ गिरने पर उन्होंने नीचे जाकर प्रेम को टोका।
इस पर प्रेम ने विवाद शुरू कर दिया। आवाज सुनकर घर में मौजूद अनिकेत भी बाहर आया और आरोपितों को समझाने लगा। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और इसी दौरान आदित्य ने चाकू निकालकर अनिकेत की जांघ पर वार कर दिया। मां ने बेटे को बचाने की कोशिश की तो उन पर भी चाकू से जांघ पर हमला किया गया। इसके बाद आरोपित मौके से भाग निकले।
अनिकेत और प्रेम के बीच करीब एक महीने से रंजिश चल रही थी। आरोप है कि नवरात्र उत्सव के दौरान प्रेम देर रात तक डीजे बजाता था और हुड़दंग करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस इस पुरानी रंजिश के पहलू की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- ट्रेनों में चोरी का 'टाइम फिक्स'... सुबह 3 से 6 बजे के बीच सबसे ज्यादा वारदातें, जब गहरी नींद में होते हैं मुसाफिर
हमले में घायल मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया गया। अनिकेत की जांघ में चाकू लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। सोमवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मां का हमीदिया अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने प्रेम और आदित्य को गिरफ्तार कर लिया है। अमन रैकवार समेत चार अन्य आरोपित फरार हैं।
स्वजन का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने कई बार पुलिस को फोन किया, लेकिन पुलिस टीम करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। तब तक अनिकेत की हालत गंभीर हो चुकी थी।
कीचड़ में पटाखे फोड़ने को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद हत्या की वारदात हुई। दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश की जा रही है।- अवधेश सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी, हनुमानगंज