
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित भदभदा डैम में शनिवार शाम एक महिला ने अचानक पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, घटना के समय डैम के पास मौजूद एक नाव चालक की सतर्कता और तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और महिला की जान बच गई। नाव चालक ने बिना कोई समय गंवाए महिला को डैम के गहरे पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डैम में छलांग लगाने वाली महिला शहर के रातीबड़ क्षेत्र की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम महिला अकेले ही भदभदा ब्रिज के समीप पहुंची थी। वहां कुछ देर रुकने के बाद उसने अचानक डैम के पानी में छलांग लगा दी। शाम के समय आसपास मौजूद लोगों में इस घटना से हड़कंप मच गया।
जिस वक्त महिला ने पानी में छलांग लगाई, उसी दौरान वहां मौजूद एक नाव चालक की नजर उस पर पड़ गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए नाव चालक ने तुरंत अपनी नाव महिला की ओर मोड़ दी। उसने बेहद तेजी और सूझबूझ का परिचय देते हुए पानी में डूब रही महिला तक पहुंचकर उसे पकड़ लिया और सुरक्षित नाव में बैठाकर किनारे ले आया।
यह भी पढ़ें- एमपी बोर्ड ने बदला पैटर्न, फिर भी पुराने ढर्रे पर हो रही अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, असमंजस में 30 लाख विद्यार्थी
घटना की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एहतियात के तौर पर महिला को तुरंत चिकित्सीय जांच और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उसकी हालत पूरी तरह सामान्य व ठीक बताई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने यह कदम किस वजह से उठाया।