'मेरी मौत की जिम्मेदार पत्नी है...', भोपाल के पति ने होटल में लगाई फांसी, युवक के आखिरी वीडियो ने मचाया हड़कंप
शाहपुरा में रहने वाले 24 वर्षीय विकास हिरवे ने बसंत कुंज, अरेरा कालोनी स्थित कन्वीवियल पैलेस होटल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 07:02:47 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 07:02:47 PM (IST)
शादी के कुछ समय बाद ही उजड़ा संसार।HighLights
- भोपाल में युवक ने होटल में किया सुसाइड
- शादी के कुछ समय बाद ही उजड़ा संसार
- वीडियो में पत्नी की दादी-ससुर का भी जिक्र
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शाहपुरा के बीडीए सलैया कालोनी में रहने वाले 24 वर्षीय विकास हिरवे ने शनिवार रात करीब आठ बजे बसंत कुंज, अरेरा कालोनी स्थित कन्वीवियल पैलेस होटल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। यह कदम उठाने से पहले उसने एक वीडियो बनाया और सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर वायरल कर दिया। इसमें उसने अपनी मौत का पूरा जिम्मेदार अपनी पत्नी स्नेहा सोलंकी को ठहराया है। विकास का आरोप है कि उसकी पत्नी उसे प्रताड़ित कर रही थी। वीडियो में उसने यह भी जिक्र किया कि उसके परिवार वाले पत्नी को बहुत प्यार और सम्मान से रखते थे।
खिड़की से झांकने पर फंदे से लटका मिला शव
शाहपुरा थाने के एसआई हरीश गुर्जर ने बताया कि घर में हुई मामूली कहासुनी के बाद विकास शनिवार सुबह करीब सात बजे अचानक लापता हो गया था। जब घर वाले उसे ढूंढते हुए रात में बसंत कुंज स्थित होटल पहुंचे, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखने पर वह फांसी के फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को हमीदिया अस्पताल भिजवाया, जहां रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। होटल के कमरे से मृतक का मोबाइल और होटल के नीचे से उसकी बाइक बरामद कर ली गई है। विकास की सोशल मीडिया आइडी (इंस्टाग्राम) पर अपलोड किए गए वीडियो की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- नीमच-रतलाम रेल दोहरीकरण का सपना सच होने के करीब, 10 मई को CRS निरीक्षण, 133 किमी का सफर होगा आसान
ससुराल पक्ष पर साजिश का आरोप
विकास ने वीडियो में बताया कि उसकी पत्नी ने 10 दिन पहले ही अपने सारे जरूरी दस्तावेज और कपड़े चोरी-छिपे मायके भेज दिए थे। जब उसने इस बारे में पूछा, तो स्नेहा बहाने बनाती रही। युवक का आरोप है कि इस पूरी साजिश में उसकी पत्नी की दादी भी शामिल हैं, जो उसे लगातार भड़काती थीं। विकास ने वीडियो में अपने ससुर गुलाब सोलंकी का भी जिक्र किया है।
पुलिस की कार्रवाई और पूछताछ
इस पर शाहपुरा थाने के एसआई हरीश गुर्जर ने बताया कि मृतक ने प्रेम विवाह किया था। वीडियो में पत्नी समेत जिन-जिन पर आरोप है, उनसे पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के सही कारणों और वीडियो में किए गए दावों की सत्यता का पता लगाया जा सके।