
नईदुनिया न्यूज, नेपानगर (बुरहानपुर) । ग्राम हैदरपुर में किसान पीयूष महाजन के खेत में करीब 15 फीट लंबा अजगर मिलने से में हड़कंप मच गया। सर्प मित्र खेमसिंग ने पहुंच कर उसका रेस्क्यू किया और सुरक्षित वन विभाग को सौंप दिया।
बताया जा रहा है कि अजगर लगभग तीन-चार दिनों से खेत में ही मौजूद था। एक सियार का उसने शिकार भी किया था। जिसके कारण किसान खेत में जाने से भी डर रहे थे। वह लोगों को देख कर तेजी से झाड़ियों में गायब हो जाता था। अजगर काफी बड़ा होने के कारण किसान भी डरे हुए थे।
खेत में अजगर छिपा होने की खबर से ग्राम में ग्रामीणों के बीच दहशत फैली हुई थी। खेतों की ओर जाने से ग्रामीण डर रहे थे। उन्होंने गुरुवार को सातपायरी के खेमसिंह राठौड़ को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच कर खेमसिंह राठौड़ ने खेतों में आसपास तलाश की और झाड़ियों के बीच पड़े अजगर को ढूंढ निकाला। खेमसिंह राठौड़ ने अजगर को पकड़ा और सुरक्षित जंगल में छोड़ा। लोगों के अनुसार अजगर ने एक-दो दिन पूर्व ही एक सियार का शिकार किया था, जिससे वह सुस्त पड़ा हुआ था।
खेमसिंह ने बताया कि अजगर का करीब 30 किलो से अधिक वजन है। खेतों में चूहों तथा अन्य छोटे वन्यजीवों का शिकार आसानी से हो जाता है, जिसके कारण सर्प और अजगर जैसे जीव ग्रामों के आसपास आ जाते हैं। अजगर भी आसपास के जंगल से खेत में पंहुचा होगा। करीब 15 फ़ीट से अधिक लम्बाई के अजगर को देखने के लिए लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई थी। अजगर को देखने के लिए लोगों में कौतुहल बना हुआ था।
सर्प मित्र खेमसिंह राठौड़ ने बताया कि अजगर काफी लंबा था और उसे काबू करने में थोड़ी मशक्कत करना पड़ी। हालांकि उसने कुछ दिन पूर्व ही शिकार किया था, जिसके चलते वह थोड़ा सुस्त पड़ा हुआ था। आसान शिकार की तलाश में ऐसे जीव खेतों और ग्रामों के पास अक्सर आ जाते हैं।