बुरहानपुर के बोरीबुजुर्ग गांव में कुएं की मुंडेर धंसने से दो बच्चों सहित कुएं में गिरा पिता, तीनों गंभीर
ग्रामीणों ने बताया कि सार्वजनिक कुएं का गहरीकरण कार्य पंचायत द्वारा कराया जा रहा था। कई बार लोगों ने कुएं में झांक रहे बच्चों को वहां से भगया, लेकिन व ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 18 Feb 2026 07:35:07 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Feb 2026 07:38:06 PM (IST)
कुंए का सांकेतिक फोटो।HighLights
- मुंडेर धंसने से दो बच्चों सहित कुएं में गिरा पिता, तीनों गंभीर।
- धूलकोट क्षेत्र के बोरीबुजुर्ग गांव में बुधवार शाम की घटना।
- ग्रामीणों का आरोप- कॉल करने पर नहीं पहुंची एम्बुलेंस।
नईदुनिया न्यूज, बोरीबुजुर्ग। बुधवार शाम उस समय चीख पुकार और अफरा तफरी मच गई, जब गहरीकरण कार्य के दौरान कुएं की मुंडेर धंस गई। गहरीकरण कार्य देखने के लिए मुंडेर के पास खड़ा गांव का छगन पुत्र नानसिंग 36 वर्ष, उसका पुत्र विष्णु सात वर्ष और पुत्री वैष्णवी चार वर्ष भी मुंडेर के साथ कुएं में जा गिरे।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। साथ ही छगन और दोनों बच्चों को बाहर निकालने के लिए प्रयास शुरू किए।
सूचना पाकर पहुंचे धूलकोट चौकी प्रभारी कमल मोरे व अन्य कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से तीनों को बाहर निकाला। उन्हें निजी वाहनों से पहले धूलकोट स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां से बुरहानपुर रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि वैष्णवी और विष्णु की हालत भी नाजुक बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि सार्वजनिक कुएं का गहरीकरण कार्य पंचायत द्वारा कराया जा रहा था। कई बार लोगों ने कुएं में झांक रहे बच्चों को वहां से भगया, लेकिन वे बार-बार कुएं के पास पहुंच जाते थे।
ग्रामीणों ने मौके पर एम्बुलेंस नहीं पहुंचने पर आक्रोश जताया है। उनका आरोप है कि काल करने के बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची। विधायक निधि से मिली नई एम्बुलेंस भी चालू नहीं हुई। बाद में निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाना पड़ा। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।