बुरहानपुर में गंदे पानी की सप्लाई को लेकर भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसी नेताओं पर एफआईआर
मंडल अध्यक्ष ने शिकायत में आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने बिना अनुमति अंबेडकर चौराहे से मातापुर बाजार तक रैली निकाली। उन्होंने माहौल को जानबूझ कर उग ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 23 Jan 2026 07:26:03 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Jan 2026 07:30:25 PM (IST)
भाजपा कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेस नेता। - फाइल फोटो।HighLights
- मटमैले पानी की बोतलें कार्यालय के सामने रखी थीं।
- साथ ही नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया था।
- नेताओं ने इस दौरान बेशरम के पौधे भी रोपे गए थे।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर/नेपानगर। गंदे पानी के वितरण सहित अन्य मुद्दों को लेकर नेपानगर भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन करना कांग्रेस नेताओं को भारी पड़ गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष नीलेश महाजन की शिकायत पर पुलिस ने कांग्रेस के ग्रामीण कार्यकारी अध्यक्ष जगमीत सिंह जाली और शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश सिंह बैस सहित बारह कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बीएनएस की धारा 223 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। दरअसल आठ जनवरी को युवा कांग्रेस ने नेपानगर में बड़ा प्रदर्शन किया था।
इस दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं को बताने के लिए नगर में बांटे जा रहे मटमैले पानी की बोतलें कार्यालय के सामने रखी थीं। साथ ही नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया था। इस दौरान बेशरम के पौधे भी रोपे गए थे।
मंडल अध्यक्ष ने शिकायत में आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने बिना अनुमति अंबेडकर चौराहे से मातापुर बाजार तक रैली निकाली। उन्होंने माहौल को जानबूझ कर उग्र किया गया। भाजपा का कहना था कि जिस भवन के सामने यह प्रदर्शन किया गया वहां पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोज महेश्वरी का निवास भी है। इससे कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा पैदा हो गया था।
इन नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने ग्रामीण कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जगमीत सिंह जाली, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश सिंह बैस, मंडलम अध्यक्ष पांडूरंग आमले, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सोहन सैनी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद पाटिल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश पटेल, पार्षद प्रतिनिधि राजू दामू पाटिल, युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र मसाने, आदिवासी विकास परिषद के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह जमरा, आकाश राठौर, किशोर राजपूत और पार्षद प्रतिनिधि पंकज मल्लना के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एक साथ इतने नेताओं पर केस दर्ज होने से कांग्रेस में खलबली मची हुई है। जगमीत सिंह जाली ने कहा है कि यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। इंदौर में जिनकी लापरवाही से लोगों की जान गई उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब कांग्रेस ने सवाल उठाए तो नेताओं पर एफआईआर दर्ज कर दी गई।