छतरपुर में शादी के तीन साल बाद मासूम के साथ मां कुएं में कूदी, घरेलू विवाद से थी परेशान
छतरपुर के बकस्वाहा क्षेत्र में 25 वर्षीय महिला ने अपने एक वर्षीय बेटे के साथ कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 20 May 2026 12:15:14 PM (IST)Updated Date: Wed, 20 May 2026 12:16:21 PM (IST)
एक मां ने अपने बच्चे को साथ लेकर आत्महत्या कर ली। (फाइल फोटो)HighLights
- महिला ने बेटे संग कुएं में कूदकर जान दे दी।
- ग्रामीणों ने कुएं में शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
- पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शव बाहर निकाले।
नईदुनिया प्रतिनिधिर, छतरपुर। जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र में रविवार को एक मां ने एक वर्षीय बेटे के साथ कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मां-बेटे की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीन साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सीमा यादव (25) पत्नी बृजकुमार यादव के रूप में हुई है। सीमा ने एक वर्षीय बेटे अनिकेत यादव को लेकर शेखसेमरा गांव के पास कुएं में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने जब कुएं में मां-बेटे को देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल नैनागिर चौकी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। दोनों के शवों को कुएं से बाहर निकालने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बकस्वाहा भेजा। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया। नैनागिर चौकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने कहा कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। परिजन और ग्रामीणों के अनुसार सीमा कुछ समय से किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। हालांकि परिवार ने किसी विवाद या अन्य कारण की पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।