बागेश्वर धाम पहुंचे उद्योगपति अनंत अंबानी, बालाजी सरकार की उतारी आरती
अनंत अंबानी के साथ-साथ बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी इस विशेष अवसर का साक्षी बनकर धार्मिक वातावरण का अनुभव किया।
Publish Date: Fri, 03 Jul 2026 09:54:18 AM (IST)Updated Date: Fri, 03 Jul 2026 09:54:50 AM (IST)
कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की उपस्थिति में बागेश्वर धाम पर पूजा करते हुए उद्योगपति अनंत अंबानी। सौजन्य: धाम प्रबंधनयाHighLights
- यज्ञशाला में दी आहुति और किया 11 कन्याओं का पूजन
- धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्मृति-चिह्न में भेंट किया 'मुगदर'
- खजुराहो एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, देश कल्याण की मांगी मन्नत
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। उद्योगपति अनंत अंबानी ने गुरुवार को बागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान बालाजी सरकार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। अंबानी ने बालाजी की आरती उतारी। इस दौरान उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन के उपरांत शास्त्री ने भगवान बालाजी, सन्यासी बाबा एवं प्रेतराज सरकार की महिमा का वर्णन करते हुए समाज सेवा का संदेश दिया।
अनंत को हुआ जोरदार स्वागत
गुरुवार की शाम खजुराहो एयरपोर्ट पर पहुंचने के दौरान बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के सदस्यों, पदाधिकारियों ने उद्योगपति अनंत अंबानी का स्वागत किया, इसके बाद वह बागेश्वर धाम पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक भगवान बालाजी की आरती की और देश, धर्म और जनकल्याण की कामना के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित कीं। उन्होंने 11 कन्याओं का पूजन किया और काशी से आए विद्वान ब्राह्मणों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
इस अवसर पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अनंत अंबानी को स्मृति-चिह्न स्वरूप मुगदर, भगवान बालाजी का चित्र एवं रुद्राक्ष की माला भेंट की। अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, आध्यात्मिकता और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी इस विशेष अवसर का साक्षी बनकर धार्मिक वातावरण का अनुभव किया।