डिप्टी रेंजर का दावा- MP में चल रहा रिश्वत का नेटवर्क, पटवारी-कमिश्नर और कलेक्टर ऑफिस तक पहुंच रहा पैसा
छतरपुर जिले में वन विभाग के डिप्टी रेंजर भास्कर खरे ने दावा किया है कि सागौन कटाई, रेत-मुरम के अवैध उत्खनन और वनभूमि पर कब्जे के बदले रिश्वत का नेटवर्क चल रहा है।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 08:03:11 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 08:51:20 PM (IST)
अवैध खनन के पैसे को लेकर किया दावा। (AI Generated Image)HighLights
- छतरपुर के डिप्टी रेंजर का वीडियो वायरल
- अवैध खनन के पैसे को लेकर किया दावा
- पटवारी से लेकर कमिश्नर तक पहुंचता है पैसा
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में वन विभाग के डिप्टी रेंजर भास्कर खरे का एक वीडियो के प्रसारित हुआ है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि सागौन कटाई, रेत-मुरम के अवैध उत्खनन और वनभूमि पर कब्जे के बदले रिश्वत का नेटवर्क चल रहा है।
उनके अनुसार, संबंधित पटवारी और वन विभाग के अधिकारियों से लेकर कलेक्टर कार्यालय, कमिश्नर और मुख्यमंत्री तक कथित कमीशन पहुंचता है। लवकुशनगर और राजनगर वन परिक्षेत्र से जुड़े इस वीडियो में कलेक्टर के स्टेनो तक रकम पहुंचने का दावा किया गया है।
डीएफओ ने दिए जांच के आदेश
डीएफओ ऋषि मिश्रा ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भास्कर खरे ने आरोपों को गलत संदर्भ में पेश किए जाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वीडियो बुडरक गांव में अप्रैल-मई के दौरान हुई बातचीत का है और इसे एडिट कर बहुप्रसारित किया गया है।