
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मीडिया से कहा कि वह महीने में सिर्फ दो ही कथाएं कहेंगे। जो समय बचेगा उसे धाम पर और जनहित से जुड़े कार्यों को देंगे। क्योंकि धाम पर आगामी समय में हॉस्पिटल का भी निर्माण होना है। अन्य निर्माण कार्यों की तैयारियां भी चल रही हैं। जिसे 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण पूर्ण होने पर पीएम मोदी को उद्घाटन कराने आमंत्रित करेंगे।
इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि मई माह में 21 दिन की तपस्या करने अज्ञात वास पर उत्तर भारत की पहाड़ियों में जाएंगे। जहां से लौटकर नए संकल्पों पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि वह धाम पर आगामी समय में 1100 कन्याओं का विवाह कराएंगे। इस अवसर पर पंड़ित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कन्या विवाह महोत्सव को कवर करने वाले पत्रकारों को धाम की पट्टिका और पत्र देकर सम्मानित किया।
मीडिया से चर्चा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि वह आगामी समय में विवाह तो करेंगे लेकिन लड़की उनकी मां की पसंद की होगी। उन्होंने नई पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति यही है कि अपने माता पिता की आज्ञा का पालन करें। उनके आदेशों का पालन करेंगे। जैसी आज्ञा हमारी माता जी देंगी वैसा ही वह करेंगे।
यह भी पढ़ें- 1 मार्च को आयोजित होगी MPPSC की राज्य पात्रता परीक्षा, 1.46 लाख अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, 12 जिलों में बने 390 केंद्र
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि आगामी माह में दो बड़े आयोजन धाम पर आयोजित किए जाएंगे। चार को धाम पर होली महोत्सव किया जाएगा। जहां वह अपने श्रद्धालुओं के साथ होली खेलेंगे। इधर हनुमान प्रकटोत्सव दिवस पर भव्य कार्यक्रम होगा। विशेष आरती कार्यक्रम सहित अन्य धार्मिक आयोजन होंगे। इस कार्यक्रम में देशभर से विशेष लोग शामिल होने के लिए आ रहे हैं।