
नईदुनिया प्रतिनिधि,छिंदवाड़ा। महिला थाना क्षेत्र में 7 साल की एक बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बच्ची के साथ यह हरकत करने के आरोप में 9, 10 और 11 साल की उम्र के सात नाबालिगों को पुलिस ने राउंडअप किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यह घटना सोमवार, 29 जून की है।
पीड़ित बच्ची अपने घर के पास एक सामाजिक कार्यक्रम में गई थी। इस दौरान वहां मौजूद कुछ नाबालिग बच्चे उसे बहला-फुसलाकर पास ही एक मकान के पीछे सुनसान जगह पर ले गए। आरोप है कि वहां बच्चों ने उसके साथ 'बैड टच' किया।
डरी-सहमी हालत में घर पहुंची बच्ची, परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद बच्ची काफी डरी-सहमी हालत में रोते हुए अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती बताई। बच्ची की बात सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने बिना देर किए महिला थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इनका कहना है
"परिजनों की शिकायत मिलते ही विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की गई और घेराबंदी कर घटना में शामिल बताए जा रहे सातों बच्चों को राउंडअप कर लिया गया है, जिनसे आगे पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया है। फिलहाल रिपोर्ट आनी बाकी है, जिसके मिलने के बाद स्पष्ट होगा कि आगे किन धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।"
- अरुणा वहाने, महिला थाना प्रभारी
यह भी पढ़ें- त्विषा शर्मा केस: गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 14 जुलाई तक बढ़ी, कोर्ट ने बढ़ाई आरोपियों की रिमांड