
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। ढाबा संचालक की ओर से दिए गए शिकायत आवेदन में युवक-युवती पर जातिसूचक गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और दोबारा लौटकर पेट्रोल बम फेंकने के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र में पीडि़त का कहना है कि 23 अक्टूबर 2026 की देर रात सफेद रंग की कार क्रमांक एमपी 28 जेडएल 9111 से एक युवक और युवती ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। भोजन के भुगतान के दौरान खाने की गुणवत्ता को लेकर विवाद हुआ।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान दोनों ने जातिसूचक अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे छिंदवाड़ा की ओर चले गए। कुछ समय बाद दोनों फिर ढाबे पर लौटे और कार में बैठे-बैठे अंडे का आमलेट बनाने को कहा। इसके बाद वे दोबारा परासिया की ओर चले गए।
ढाबा संचालक ने आरोप लगाया है कि इसके बाद संबंधित लोग फिर लौटे और कथित तौर पर पेट्रोल से भरी पन्नी फेंककर ढाबे तथा वहां मौजूद कर्मचारियों को निशाना बनाया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस घटना का उद्देश्य ढाबे को आग लगाकर नुकसान पहुंचाना और कर्मचारियों को जलाकर जान से मारना था। पूरी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोना खरीदने के बाद रुपये ट्रांसफर करते समय मोबाइल हैक, खातों से निकाले 1.20 लाख रुपये