
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा नगर पालिका एक बार फिर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर चर्चा में है। नगर पालिका में करीब दो करोड़ रुपये के कथित हेरफेर की शिकायत प्रदेश के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) तक पहुंची है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ईओडब्ल्यू ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति तिवारी को पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका में 8 अगस्त 2022 से 1 सितंबर 2025 के बीच विभिन्न विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं में वित्तीय अनियमितताएं हुईं। इनमें अमृत योजना 2.0 के तहत पेयजल टंकी निर्माण, पाइपलाइन बिछाने, फिल्टर प्लांट और बीटी रोड निर्माण जैसे कार्यों में कथित गड़बड़ी का उल्लेख किया गया है।
ईओडब्ल्यू ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति तिवारी को तलब कर इन योजनाओं से जुड़े वित्तीय लेन-देन के संबंध में पूछताछ करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों द्वारा उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में आवश्यक जानकारी ली जाएगी।
वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के चलते अमरवाड़ा नगर पालिका एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। फिलहाल ईओडब्ल्यू शिकायत के आधार पर दस्तावेजों और संबंधित तथ्यों की जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।