
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। बिछुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत जमुनिया के ग्राम पिपरिया खुर्द में दूषित पानी पीने से लगभग 55 से 60 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। प्रभावित लोगों में अचानक उल्टी और दस्त की शिकायतें सामने आईं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची
मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और चिकित्सा शिविर लगाकर राहत एवं उपचार कार्य शुरू किया। टीम ने डोर-टू-डोर सर्वे कर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मरीजों की हालत सामान्य बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी कर रही है।
केवल उबला या शुद्ध पानी पीने की अपील
अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीणों के बीमार होने का मुख्य कारण गांव के कुएं का दूषित पानी पीना माना जा रहा है। राहत एवं बचाव कार्य में डॉ. सघन सक्सेना, बाल गोविंद पंधरे, एएनएम सिस्टर और आशा कार्यकर्ता शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से जल शुद्धिकरण पर विशेष ध्यान देने और केवल उबला या शुद्ध पानी पीने की अपील की है।