
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने बीच सड़क पर एक मोबाइल शॉप के प्रचार वाहन को निशाना बनाया। घटना में न केवल लूट का प्रयास किया गया, बल्कि बीच-बचाव करने आए एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला भी किया गया।
घटना शुक्रवार रात लगभग 9:20 बजे की है, जो भगवान श्रीचंद स्कूल के पास घटित हुई। 'जैन मोबाइल शॉप' का प्रचार वाहन जैसे ही वहां पहुंचा, बदमाशों ने उसे रोककर गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपितों ने वाहन में रखे 91,800 रुपये के कलेक्शन से भरा बैग छीन लिया और भागने की कोशिश की।
लूट की वारदात होते ही वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों को जुटता देख घबराए आरोपी बैग वहीं छोड़कर फरार होने लगे। इसी दौरान बीच-बचाव करने के लिए आगे आए सुरेंद्र देशमुख पर बदमाशों ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। उनके सिर पर गंभीर वार किया गया, जिसके चलते उन्हें 8 टांके आए हैं।
घटना के बाद भागते हुए भीड़ ने एक आरोपित को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान अनुराग श्रीवास्तव पिता सुरेंद्र श्रीवास्तव, निवासी कॉपरेटिव बैंक कॉलोनी, छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। अन्य तीन आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- शाजापुर के सरकारी स्कूल में कलेक्टर ने बच्चों से पूछा आज की तारीख क्या है?, नहीं दे पाए जवाब; शिक्षकों को नोटिस जारी