
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। शहर के इतवारी बाजार स्थित रवि किराना दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे काजू व बादाम चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पीड़ित दुकानदार रवि लालवानी ने बताया कि उनकी इतवारी बाजार में किराना दुकान है। रविवार सुबह वह रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर दुकान से 5 किलो काजू और 3 किलो बादाम गायब मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पड़ोसी दुकान में लगे CCTV कैमरे खंगाले गए। फुटेज में रविवार सुबह करीब 4 बजे कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं।CCTV में स्कूटी सवार तीन नकाबपोश युवक नजर आए, जो दुकान के अंदर जाते और बाहर निकलते समय हाथों में सामान लेकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
दुकानदार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। मामले की जांच जारी है।