MLA की खुन्नस! हटा विधायक उमा देवी ने मंत्रियों की दखलंदाजी पर जताई नाराजगी, शिकायत वायरल होने पर दी सफाई
MP News: मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी कि किसी भी विधायक की विधानसभा में कोई भी मंत्री दखलंदाजी नहीं करेगा, लेकिन इसके बाद भी मेरी विधानसभ ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 10 Dec 2025 09:45:24 PM (IST)Updated Date: Wed, 10 Dec 2025 09:45:24 PM (IST)
हटा विधायक उमा देवी खटीक ने मंत्रियों की दखलंदाजी पर जताई नाराज़गीनईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी कि किसी भी विधायक की विधानसभा में कोई भी मंत्री दखलंदाजी नहीं करेगा, लेकिन इसके बाद भी मेरी विधानसभा में दोनों मंत्रियों की दखलंदाजी से मैं काफी परेशान हूं। यह बात हटा विधायक उमा देवी खटीक ने बुधवार को प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार से भाजपा कार्यालय में शिकायत करते हुए कही। विधायक उमा देवी का इशारा मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और लखन पटेल की ओर था।
बात उजागर होने पर विधायक ने बदल दी अपनी बात
हालांकि जैसे ही यह बात उजागर हुई, तत्काल ही उन्होंने अपनी बात को बदलते हुए कहा कि यह हमारा परिवार है और इसमें तो उठा पटक होती रहती है। थोड़ी मेरी खुन्नस थी जिसे मैंने प्रभारी मंत्री जो कि जिले के मुखिया होते हैं। इस कारण से अपनी शिकायत दर्ज कराई है लेकिन इसके पूर्व उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री का कहना है कि कोई भी विधानसभा क्षेत्र में कोई भी मंत्री हस्तक्षेप नहीं करेगा, लेकिन मेरी विधानसभा में दोनों मंत्रियों का काफी हस्तक्षेप है।
उन्होंने कुछ तबादलों को लेकर इस मामले में अपनी बात कही और जब पत्रकारों ने कहा कि इसका वीडियो भी वायरल हो गया है तो उन्होंने कहा वह आगे भी जाएगा। मेरी खुन्नस थी तो मैंने अपनी बात रख दी। उन्होंने यह भी कहा कि मैंने कभी मंत्रियों को किसी बात के लिए मना नहीं किया है और यदि वह मुझसे पूछ लेते तो क्या मैं मना करती।
जब इस संबंध में कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंत्री धर्मेंद्र सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि मैं तो किसी की विधानसभा में कोई दखलंदाजी नहीं करता है और वहीं पर खड़ी विधायक उमादेवी से राज्यमंत्री ने कहा कि आप विधायिका से पूछ ले तो उन्होंने कोई जवाब तो नहीं दिया, लेकिन सिर जरूर हिला दिया।
यहां पर यह उल्लेखनीय है कि विधायक हटा उमा देवी खटीक अपने विधानसभा हटा में दोनों मंत्रियों की दखलंदाजी से काफी परेशान है और सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि हटा थाना में निरीक्षक की पदस्थापना उनकी मर्जी के बिना की गई है। जिस कारण से उन्हें इस बात को लेकर काफी खुन्नस भरी हुई है।