
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह । दमोह-पथरिया रोड पर सेमरा गांव के पास पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
आरोप है कि बोलेरो सवार आरोपियों ने बाइक से जा रहे दंपती को पहले कार की टक्कर मारकर गिराया फिर युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर फायरिंग की।
वारदात के दौरान पीछे से आ रहे मृतक के भाई पर भी हमला करने का प्रयास किया गया लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग निकला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वजनों से जानकारी ली।
मृतक की पहचान गढ़ाकोटा क्षेत्र के मसुरहाई गांव निवासी परम उर्फ चीकू यादव 35 के रूप में हुई है, वह अपनी पत्नी देवी यादव के साथ बाइक से दमोह की ओर आ रहा था।
बताया जाता है कि जैसे ही दंपती सेमरा गांव के पास पहुंचे आरोपियों ने उनकी बाइक को कार से टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद आरोपियोंने चीकू को घेर लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई जिससे चीकू की मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में देवी को भी चोटें आई है। घटना के बाद उसने राहगीरों से मदद मांगी और फोन करने की कोशिश की लेकिन तत्काल सहायता नहीं मिल सकी। इस हृदयविदारक घटनाक्रम ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
मृतक का छोटा भाई अनिल यादव भी बाइक से पीछे आ रहा था, आराेपियों ने आते देखा तो उस पर भी हमला करने का प्रयास किया। हालांकि अनिल ने समय रहते बाइक घुमाई और वहां से भागकर पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, मृतक के स्वजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया और परिवार को निशाना बनाया।
स्वजनों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच वर्ष 2001 में जुआ खेलने को लेकर विवाद हुआ था, इस विवाद में आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति की हत्या हुई थी जिसमें चीकू यादव और उसका भाई भी आरोपी बनाए गए थे। करीब एक साल पहले चीकू जेल से बाहर आया था।
स्वजनों का आरोप है कि जेल से छूटने के बाद से ही आरोपी पक्ष रंजिश रखता था और जान से मारने की धमकियां देता था। इसी डर के कारण परिवार ने गांव छोड़ दिया था और दमोह में रहने लगा था। स्वजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए ही चीकू की हत्या की गई। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है, स्वजनों के मुताबिक चीकू यादव के जीजा की करीब एक माह पहले कार हादसे में मौत हो गई थी। यह घटना भी पथरिया थाना क्षेत्र में हुई थी, उस समय पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना माना था।
अब चीकू की हत्या के बाद स्वजनों ने उस घटना को लेकर भी संदेह जताया है। हालांकि दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मृतक की पत्नी देवी यादव और भाई अनिल यादव ने पुलिस को दिए बयानों में गढ़ाकोटा क्षेत्र के मसुरहाई गांव निवासी आठ लोगों के नाम बताए है। इनमें खेमचंद उर्फ भिम्मू यादव, दीपेश उर्फ लाल यादव, नरेंद्र उर्फ लल्लू, वीरेंद्र यादव, बाबूलाल यादव, नीरज यादव, कमल यादव और अभिषेक यादव के नाम शामिल बताए गए है।
स्वजनों ने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों की भूमिका और घटना में उनकी संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्वजनों से घटनाक्रम की जानकारी ली, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी और भाई के बयान दर्ज किए जा रहे है।
पुलिस के अनुसार स्वजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात ने पुरानी रंजिश और परिवार की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में सौतेले पिता की प्रताड़ना से परेशान बालिका ने दी जान, गिरफ्तार आरोपी शराब पीकर करता था मारपीट