
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। जिले के रजपुरा थाना अंतर्गत आने वाले सगोनी गांव में रहने वाला 18 वर्षीय युवक गुजरात की एक नाबालिक लड़की से प्रेम करता है और वह उससे शादी करना चाहता है। इसी बात को लेकर गुरुवार सुबह 6 बजे वह 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पुलिस और जिला प्रशासन की समझाइश इस पर युवक तीन घंटे बाद नीचे उतरा।
इसके बाद पुलिस ने उसे समझाया कि लड़की नाबालिग है।
पुलिस बोली कि दोनों बालिग हो जाएंगे। तब उनकी शादी कर दी जाएगी। इस नजारे को देखने के लिए सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण टावर के आसपास मौजूद रहे जिससे काफी देर यहां हड़कंप के हालात बने रहे।
युवक की पहचान सगोनी गांव में रहने वाले 18 वर्षीय प्रकाश पिता रमेश बरेला के रूप में हुई है। यह अपने परिजनों के साथ गुजरात में काम करने गया था। वहीं एक नाबालिग लड़की से प्रेम हो गया। वह भगाकर 15 दिन पहले अपने गांव लेकर आ गया।
गुजरात में लड़की की मां को जानकारी लगी तो वह अपनी बेटी को लेने गांव पहुंची, लेकिन लड़की ने जाने से मना कर दिया। इसके बाद गुजरात पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। लड़की की मां पुलिस को लेकर पहुंची और अपनी बेटी को साथ ले गई। तभी से प्रकाश अपनी प्रेमिका के गम में खो गया और गुरुवार सुबह वह गांव में ही लगे 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
टावर पर चढ़े प्रकाश ने बताया कि जब से लड़की अपनी मां के साथ गुजरात गई है तब से उसकी बात नहीं हुई। पिछले एक हफ्ते से वह उसे याद कर रहा है। इसी के चलते टावर पर चढ़ गया था।
बटियागढ़ तहसीलदार योगेंद्र चौधरी ने बताया की सागोनी गांव का रहने वाला प्रकाश बरेला गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। पुलिस और प्रशासन के द्वारा उसे समझाइश देकर नीचे उतारा गया है। यह अपनी नाबालिक प्रेमिका से शादी करना चाहता है, लेकिन लड़की नाबालिग है। जब युवक नीचे उतर आया तब लड़के और लड़की के परिजनों ने आपस में बात की। दोनों पक्षों को समझाया गया।
दोनों पक्ष इस बात पर राजी हो गए कि जब लड़की बालिग हो जाएगी तब इन दोनों का विवाह करवा दिया जाएगा। पुलिस भी इन दोनों का पूरा सहयोग करेगी गांव के सरपंच ने भी आश्वासन दिया है कि वह किराया देकर लड़के को गुजरात भेजेंगे।
रजपुरा थाना प्रभारी सिलास विनीत का कहना है की लड़का लड़की दोनों एक दूसरे से प्रेम करते हैं, लेकिन अभी लड़की नाबालिक है। इसलिए इन दोनों की शादी होना संभव नहीं है। पिछले दिनों लड़की के माता-पिता आए थे और उसे अपने साथ गुजरात लेकर चले गए हैं। इसी के चलते युवक टावर पर चढ़ गया। तहसीलदार और पुलिस ने युवक को समझाया है जिसके बाद वह नीचे उतर गया है और सभी बातें मानने के लिए तैयार है।
यह भी पढ़ें- यूएन वूमेन के सेफ सिटी प्रोजेक्ट में शामिल हुआ जबलपुर, भारत से चयनित एकमात्र शहर