दमोह के हटा में मरीज के परिजन और डाक्टर के बीच मारपीट, वीडियो बनाने को लेकर विवाद, थाने में हुआ राजीनामा
Damoh News । परिजनों का आरोप है कि उस समय ड्यूटी डाक्टर मौजूद नहीं थे और ओपीडी पर्ची के लिए निर्धारित राशि से अधिक पैसे मांगे जा रहे थे। इस दौरान उन्ह ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 02 May 2026 10:29:32 AM (IST)Updated Date: Sat, 02 May 2026 10:29:32 AM (IST)
मारपीट के दौरान फाेटो में कैद हुए दोनों युवक।HighLights
- डाक्टर पक्ष भी शिकायत लेकर थाना पहुंचा
- युवक शराब के नशे में अभद्र व्यवहार कर रहे थे।
- आपसी समझौते के आधार पर मामला सुलझा।
नईदुनिया न्यूज, हटा Damoh News । सिविल अस्पताल हटा में शुक्रवार शाम मरीज के परिजनों और डाक्टर व अस्पताल स्टाफ के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्ष थाना हटा पहुंचे जहां आपसी सहमति से राजीनामा हो गया।
उल्टी-दस्त की शिकायत के चलते अस्पताल लेकर पहुंचे थे
प्रेमपुरा निवासी बिट्टू ठाकुर और भानु ठाकुर अपने भाई अजय ठाकुर को उल्टी-दस्त की शिकायत के चलते अस्पताल लेकर पहुंचे थे। भानु ठाकुर का आरोप है कि वीडियो बनाने पर डाक्टर और स्टाफ ने उन्हें एक कमरे में बंद कर मारपीट की। उन्होंने बताया कि उनका मरीज गंभीर हालत में था और वे सिर्फ जल्द इलाज की मांग कर रहे थे। वहीं बिट्टू ठाकुर ने भी कहा कि वे इलाज के लिए आए थे लेकिन वीडियो बनाने के बाद उनके साथ मारपीट की गई।
डाक्टर चैतन्य साहू ने आरोपों को निराधार बताया
दूसरी ओर डाक्टर चैतन्य साहू ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि युवक शराब के नशे में थे और अस्पताल में अभद्र व्यवहार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उस समय वे कुछ देर के लिए बाहर थे इसी दौरान युवक स्टाफ से बहस करने लगे। समझाने के बावजूद वे गाली-गलौज और धक्का-मुक्की पर उतर आए जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि मरीज को तत्काल भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया था।
अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों युवकों को थाने ले आई। डाक्टर पक्ष भी शिकायत लेकर थाना पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जिसके बाद आपसी समझौते के आधार पर मामला सुलझा लिया गया।घटना के बाद अस्पताल में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एसआइ बोले आपसी समझौता हो गया है
इस संबंध में एसआइ नरेंद्र तिवारी का कहना है कि सिविल अस्पताल में विवाद का मामला सामने आया था जहां दोनों पक्षों में राजीनामा होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। आपसी समझौता हो गया है।