
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान अब ग्रामीण मतदाता, पार्टी नेताओं से सीधे सवाल भी पूछ रहे हैं। ऐसे में कई बार प्रदेश स्तरीय नेताओं के लिए स्थिति असहज भी बन जाती है। ऐसा ही एक वाक्या ग्राम जिगना में आयोजित कांग्रेस की चौपाल सभा के दौरान उस समय चर्चा में आ गया जब सभा में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से गांव के ही युवक ने सीधे सवाल-जवाब शुरू कर दिए।
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में आयोजित इस सभा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है, जिसमें उक्त युवक और जीतू पटवारी के बीच हुई बातचीत लोगों का ध्यान खींच रही है।
सभा के दौरान राज गौतम नामक युवक ने ऊंची आवाज में कांग्रेस के टिकट वितरण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस आज भी राजशाही की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाई है। जिसके नाम के आगे ‘कुंवर और पीछे राजा लिखा होता है, टिकट उसी को मिलता है। कांग्रेस लोकतंत्र नहीं, राजवाड़ा देखती है।
युवक की इस तीखी टिप्पणी के बाद सभा स्थल पर कुछ देर के लिए हलचल का माहौल बन गया। जिसके बाद कांग्रेस समर्थक विजय गौतम नामक युवक ने उसे रोकने की कोशिश की तो, दोनों में नोकझोंक के साथ ही हाथापाई तक नौबत आ गई, लेकिन मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्थिति को संभाला और कार्यक्रम पूर्व निर्धारित क्रम के अनुसार जारी रहा। किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी और सभा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।
वहीं इससे पहले चौपाल सभा में जीतू पटवारी ने जवाब देते हुए कहा कि आप मुझसे बात कर सकते हैं, लड़ नहीं सकते। जब जीतू पटवारी से पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को हुई सजा से जुड़े मामले में सवाल पूछा गया कि अगर वह सही थे तो उन्हें हाई कोर्ट के चक्कर क्यों लगाने पड़े, इस सवाल का पटवारी ने सहजता से जवाब देते हुए कहा कि संवाद के लिए हमेशा तैयार हूं। लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है।
वहीं भाजपा अपने चुनाव प्रचार को गति देने के लिए मंगलवार से चुनाव रथ निकालेगी। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सोमवार को दतिया विधानसभा प्रभारी भारत सिंह कुशवाह ने बूथ और शक्ति केंद्र प्रभारियों की बैठक ली, जिसमें गांव-गांव, घर-घर पहुंचकर पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार करने को लेकर समझाइश दी गई। वहीं मंत्री दिलीप अहिरवार भी दतिया उपचुनाव को लेकर दतिया पहुंचे।
यह भी पढ़ें- भोपाल के कोलार में संदिग्ध ड्रग ओवरडोज से युवक की मौत, शव के पास मिली सिरिंज और एविल की गोलियां