
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। स्वप्निल वानखड़े से मिलने की प्रेमिका की शर्त पूरी करने के लिए उत्तर प्रदेश के चंदौली से आया एक युवक दतिया कलेक्ट्रेट में बेहोश हो गया। भीषण गर्मी और लगातार सफर के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। बाद में कलेक्टर स्वयं अस्पताल पहुंचकर युवक से मिले।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय राजकुमार गुप्ता पेशे से टैक्सी ड्राइवर है और उत्तर प्रदेश के चंदौली का रहने वाला है। उसने बताया कि वह सोशल मीडिया पर दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की रीलें और वीडियो देखता था तथा उनके काम और व्यक्तित्व से प्रभावित था। इसी बीच उसकी प्रेमिका ने उससे शर्त रखी कि यदि वह सच में उससे प्यार करता है तो दतिया जाकर कलेक्टर से मिलकर दिखाए।
प्रेमिका की चुनौती स्वीकार
प्रेमिका की चुनौती स्वीकार कर राजकुमार ट्रेन से पहले झांसी पहुंचा और वहां से बस के जरिए दतिया आया। शनिवार को वह न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचा, लेकिन अवकाश होने के कारण कलेक्टर से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद उसे रविवार को होटल में रुकना पड़ा।
सोमवार दोपहर वह फिर कलेक्ट्रेट पहुंचा। उस समय टीएल बैठक चल रही थी। लगातार सफर, तेज गर्मी और थकान के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह परिसर में बेहोश होकर गिर पड़ा। कर्मचारियों ने तुरंत मदद की। टीएल बैठक में पहुंचे सिविल सर्जन डॉ. केसी राठौर की कार से उसे अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार किया गया।
युवक ने डॉक्टरों को पूरी कहानी बताई
अस्पताल में युवक ने डॉक्टरों को पूरी कहानी बताई। इसकी जानकारी मिलने पर कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े स्वयं राजकुमार से मिलने अस्पताल पहुंच गए। कलेक्टर को सामने देखकर युवक बेहद खुश हो गया। उसने कलेक्टर के साथ फोटो और सेल्फी ली तथा तस्वीरें अपनी प्रेमिका को भेजीं।
मेरा ब्रेकअप होने से बच जाएगा
राजकुमार ने मुस्कुराते हुए कलेक्टर से कहा कि "सर, अब आपकी वजह से मेरा ब्रेकअप होने से बच जाएगा।" उसने बताया कि दतिया में रुकने और यात्रा के दौरान उसके सारे पैसे खत्म हो गए थे और होटल का किराया देने के लिए भी उसे परिचित से मदद मांगनी पड़ी। कलेक्टर वानखड़े ने युवक का हालचाल जाना और कहा कि स्वस्थ होने के बाद वह उनसे बंगले पर भी आकर मिल सकता है।
यह भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: समर्थ से पूछताछ और क्रॉस-वेरिफिकेशन जारी, CP बोले- 'CBI को सौंपने के लिए केस डायरी तैयार'