इंदौर-बैतूल हाईवे के डेंजर जोन कालापाठा में बस ने बाइक सवार को रौंदा, भीड़ ने किया जाम
दर्दनाक हादसे में कालू के शरीर के कई टुकड़े हो गए। वहीं बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक अपनी साइड से जा रहा ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 24 Feb 2026 08:54:34 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Feb 2026 09:29:40 PM (IST)
पुलिस सहायता केंद्र के सामने प्रदर्शन करते लोग।HighLights
- तेज गति बस ने बाइक सवार को रौंदा, आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे किया जाम।
- कालापाठा में हुआ यह हादसा, सवा दो किमी दूर बिजवाड़ में किया गया रास्ता जाम।
- वाहनों की गति पर अंकुश, संबंधित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की गई।
नईदुनिया न्यूज, सुंद्रेल-बिजवाड़ (देवास)। इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग के डेंजर जोन कालापाठा क्षेत्र में मंगलवार शाम को तेज गति से जा रही बस ने बाइक को टक्कर मार दी। नीचे गिरे युवक को बस ने रौंद दिया, मौके पर उसकी मौत हो गई। युवक आदिवासी समाज का था और ग्राम बिजवाड़ का रहने वाला था।
घटना से आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल से करीब सवा दो किमी दूर बिजवाड़ में पुलिस सहायता केंद्र के सामने रास्ता जाम कर दिया।
वाहनों की तेज गति पर अंकुश लगाने, संबंधित परिवार को आर्थिक सहायता देने सहित अन्य मांगें रखी गईं। रास्ता जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। रात पौने नौ बजे तक हाईवे पर आवागमन सुचारु नहीं हो सका था।
![naidunia_image]()
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार इंदौर की ओर से तेज गति से आ रही यादव बस एमपी09पीए2141 ने बिजवाड़ निवासी प्रदीप उर्फ कालू को उस समय टक्कर मारी जब वो धन तालाब घाट की ओर जा रहा था। नीचे गिरने के बाद वो बस के पहिए के नीचे आ गया।
दर्दनाक हादसे में कालू के शरीर के कई टुकड़े हो गए। वहीं बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक अपनी साइड से जा रहा था, बस वाले ने तेज गति से नियंत्रण खोते हुए टक्कर मारी।
हादसे का जैसे ही बिजवाड़ में ग्रामीणों को पता चला तो स्वजनों, समाजजनों ने पुलिस सहायता केंद्र के सामने रास्ता जाम कर दिया।
बिजवाड़ पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी अजय डोड आदि ने समझाइश दी लेकिन बात नहीं बनी। रास्त जाम होने की सूचना मिलने पर कन्नौद एसडीओपी आदित्य तिवारी, कन्नौद थाना प्रभारी तहजीब काजी भी मौके पर पहुंचे।