देवास में हादसा: तेज रफ्तार वैन पलटी, पेड़ व नल से टकराने के बाद बालक को लिया चपेट में, मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बालक के सिर में गंभीर चोट लगी और मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना लोगो ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 20 Feb 2026 07:35:08 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Feb 2026 07:39:46 PM (IST)
दुर्घटना के बाद कार की यह हालत हो गई।HighLights
- ग्राम पांजरिया में हुआ दर्दनाक हादसा।
- बाहर खेल रहे छात्र को चपेट में लिया।
- बालक ने माैके पर ही दम तोड़ दिया।
नईदुनिया न्यूज, पुंजापुरा (देवास)। बागली-पुंजापुरा मार्ग स्थित ग्राम पांजरिया में तेज गति से आ रही एक वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। गति अधिक होने के कारण वैन पहले पेड़ फिर नल से टकराई और इसके बाद घर के बाहर खेल रहे कक्षा तीसरी के छात्र को चपेट में ले लिया। सिर में गंभीर चोट लगने से बालक ने माैके पर ही दम तोड़ दिया। मामले में बागली पुलिस ने जांच शुरू की है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार पांजरिया गांव में शुक्रवार दोपहर यह दर्दनाक हादसा हुआ। नौ साल का बालक सुरेंद्र पुत्र केशर सिंह स्कूल से घर लौटने के बाद घर के सामने गिट्टी के ढेर पर खेल रहा था। इसी दौरान बागली की ओर से आ रही वैन एमपी09डब्ल्यूसी 1289 अनियंत्रित होकर पलटने के बाद बालक से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शी अर्जुन के अनुसार वाहन चालक प्रवीण पुत्र भागीरथ निवासी तेजाजी नगर खंडवा रोड इंदौर, बाइक के सीट कवर बेचने के लिए पुंजापुरा आ रहा था। अचानक वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह पहले एक नीम के पेड़ से टकराया फिर नल तोड़ते हुए सीधे वहां खेल रहे मासूम सुरेन्द्र को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बालक के सिर में गंभीर चोट लगी और मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना लोगों ने डायल-112 पर दी।
इसके बाद बागली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बागली शासकीय अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। हादसे में वैन चालक को सामान्य चोट आई है।
---------