
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। इंदौर बैतूल नेशनल हाईवे पर खातेगांव थाना क्षेत्र में पिछले दिनों शराब से भरे मिनी ट्रक से कुचलकर टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के मामले में अवैध शराब से जुड़े नेटवर्क के आरोपी मोहिन जायसवाल निवासी अहमदाबाद की मौत रविवार को हो गई। बताया जा रहा है कि उसे ब्रेन स्ट्रोक आया था, इसके बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था।
हत्याकांड व अवैध शराब नेटवर्क की जांच में लगी एसआईटी भी अहमदाबाद में उस पर नजर रखे हुए थी। करीब दो दिनों से मोहिन का उपचार चल रहा था। उसका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।
कन्नौद एसडीओपी और एसआईटी में शामिल आदित्य तिवारी ने मोहिन जायसवाल की मौत की पुष्टि की है। उनके अनुसार बीमारी के कारण मौत होना सामने आया है। इसके बारे में और विस्तृत जानकारी एकत्रित की जा रही है।
1 नवंबर की रात को इंदौर बैतूल नेशनल हाईवे पर खातेगांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब से भरे मिनी ट्रक के चालक ने चेकिंग कर रहे खातेगांव थाना टीआई गोस्वामी को कुचल दिया था और वहां से वाहन मोड़कर भाग निकला था। आगे जाकर कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करके जांच शुरू की थी।
यह भी पढ़ें- रतलाम में रितेश हत्याकांड का खुलासा: समझौते के दौरान विवाद में चाकू से गोदा, मंदसौर तक ले गए थे शव
बाद में ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू व सहयोगी धीरज को गिरफ्तार करके देवास होते हुए खातेगांव ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में उन्होंने भागने का प्रयास किया था। इसके बाद पुलिस द्वारा किए गए शॉर्ट एनकाउंटर में दोनों घायल हो गए थे, जिन्हें जिला अस्पताल लाकर प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया था।