देवास में डीजे की तेज आवाज से भड़की मधुमक्खियों ने तिरंगा यात्रा पर किया हमला, मची अफरा-तफरी, एक दर्जन से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता घायल
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा ग्रामीण मंडल देवास द्वारा शुक्रवार को निकाली जा रही तिरंगा यात्रा में डीजे साउंड की त...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 14 Aug 2026 02:16:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 14 Aug 2026 02:38:39 PM (IST)
अस्पताल में उपचाररत घायल। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- भाजपा देवास ग्रामीण मंडल द्वारा निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के दौरान रालामंडल के समीप की घटना
- बचाव के लिए लोग खेतों में, सड़कों में भागने के दौरान गिरते-पड़ते नजर आए
- मधुमक्खियों के हमले में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं जिनमें से कुछ को जिला अस्पताल लाया गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा ग्रामीण मंडल देवास द्वारा शुक्रवार को निकाली जा रही तिरंगा यात्रा में डीजे साउंड की तेज आवाज से भड़की हजारों मधुमक्खियों ने कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। इसके बाद मौक़े पर अफरा तफरी मच गई।
बचाव के लिए लोग दौड़ते-भागते रहे
बचाव के लिए लोग खेतों में, सड़कों में भागने के दौरान गिरते-पड़ते नजर आए। मधुमक्खियों के हमले में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं जिनमें से कुछ को जिला अस्पताल लाया गया, जहां एक की स्थिति गंभीर है।वहीं कई घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयागंज मंडी में किया गया जबकि कुछ को उपचार के लिए उज्जैन ले जाया गया।
रास्ते में कुछ पेड़ों के पास डीजे की तेज आवाज से भड़की मधुमक्खियों ने हमला कर दिया
वरिष्ठ भाजपा नेता भारत सिंह पटलावदा जो इस रैली में शामिल थे, उन्होंने बताया तिरंगा यात्रा की शुरुआत विजयगंज मंडी से हुई थी और कई गांव का भ्रमण करते हुए रालामंडल से होकर निष्कलंकेश्वर मंदिर पहुंचकर समापन होना था। जैसे ही यात्रा रालामंडल से निष्कलंकेश्वर मंदिर की ओर मुड़ी तो रास्ते में कुछ पेड़ों के पास डीजे की तेज आवाज की वजह से भड़की मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।
कई लोग सोयाबीन के खेतों में घुस गये और कीचड़ में गिरते पड़ते रहे
रोड सिंगल था और भागने की जगह भी नहीं मिली, कई लोग सोयाबीन के खेतों में घुस गये और कीचड़ में गिरते पड़ते रहे। विजेंद्र सिंह पटलावदा, रिंकू सहित एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता मधुमक्खियों के हमले से घायल हुए। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला अस्पताल में महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, भाजपा नेता जुगनू गोस्वामी, हितेंद्र सिंह बना आदि पहुंचे और घायलों से इमरजेंसी वार्ड में मुलाकात करके घटनाक्रम की जानकारी ली।