देवास में परीक्षा के दौरान मधुमक्खियों का हमला, एक छात्रा व शिक्षक घायल, दूसरे केंद्र में स्थानांतरित करनी पड़ी परीक्षा
मधुमक्खियां तेजी से उड़ते हुए कक्षाओं और बरामदों के आसपास मंडराने लगीं, जिस कारण विद्यार्थी और शिक्षक घबरा गए। कई बच्चे सुरक्षा के लिए कक्षाओं से बाहर ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Feb 2026 05:22:25 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Feb 2026 05:24:42 PM (IST)
मधुमक्खियों के हमले में घायल शिक्षक।HighLights
- कई बच्चे सुरक्षा के लिए कक्षाओं से बाहर निकल आए।
- टेबल के नीचे खुद को सुरक्षित करने का प्रयास किया।
- एक छात्रा और एक शिक्षक को मधुमक्खियों ने काटा।
नईदुनिया न्यूज, नेमावर। शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों का झुंड स्कूल परिसर में घुसा। उस समय कक्षाओं में नियमित पढ़ाई एवं परीक्षा चल रही थी। मधुमक्खियां तेजी से उड़ते हुए कक्षाओं और बरामदों के आसपास मंडराने लगीं, जिस कारण विद्यार्थी और शिक्षक घबरा गए।
कई बच्चे सुरक्षा के लिए कक्षाओं से बाहर निकल आए, जबकि कुछ ने टेबल के नीचे छिपकर खुद को सुरक्षित करने का प्रयास किया। घटना में एक छात्रा और एक शिक्षक को मधुमक्खियों ने काटा, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद शिक्षक अर्जुन सिंह तोमर को हरदा रैफर किया गया तोमर बच्ची को बचाने के प्रयास में घायल हो गए। बच्ची की हालत सामान्य है। तोमर का इलाज जारी है। डाक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र हथेल ने वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन उपरांत कक्षा 5वीं से 8वीं की की परीक्षा को चित्रांश पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल, नेमावर में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से वहां पहुंचाया गया, जहां परीक्षा हुई।
केंद्राध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्था देखी। प्राचार्य राजेंद्र हथेल ने बताया कि मधुमक्खियों का झुंड संभवतः पास के किसी पेड़ से छत्ता टूटने के कारण परिसर में आया होगा।
स्थिति नियंत्रित नहीं हुई तो बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा स्थानांतरित करना आवश्यक समझा गया। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने नगर परिषद एवं वन विभाग से संपर्क कर मधुमक्खियों के छत्ते को सुरक्षित तरीके से हटाने की मांग की है।
फिलहाल विद्यालय में स्थिति सामान्य है और शैक्षणिक गतिविधियां पुनः नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, लेकिन विद्यार्थियों और स्टाफ में एहतियात बरती जा रही है।